Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 8, 2026

इंदौर जू में मिलेगा ‘डिजिटल जंगल’ का रोमांच। 14D थिएटर में बारिश, जंगल और वाइल्ड लाइफ का होगा वास्तविक अनुभव

• महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया 14D थिएटर का निरीक्षण


• इंदौर नवाचार में हमेशा सबसे आगे, जल्द मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे लोकार्पण


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। शहर के वन्य प्राणी संग्रहालय (जू) में आने वाले दिनों में शहरवासियों को डिजिटल तकनीक से जंगल और वन्यजीवन का अनूठा अनुभव मिलेगा। इंदौर नगर निगम द्वारा जू परिसर में अत्याधुनिक 14D थिएटर का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका कार्य अंतिम चरण में है। निर्माण पूरा होते ही इस अत्याधुनिक सुविधा को शहरवासियों के लिए समर्पित किया जाएगा।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बुधवार को निर्माणाधीन 14D थिएटर का निरीक्षण किया और निर्माण एजेंसी द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना की, इस दौरान स्वच्छता प्रभारी अश्विनी शुक्ला, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया सहित निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंदौर के बारे में कहा था कि "जब दूसरे शहर सोचते हैं, तब तक इंदौर वह काम कर चुका होता है।" इसी सोच के अनुरूप नगर निगम लगातार नवाचार कर रहा है। अब इंदौर जू में बनने वाला 14D थिएटर शहरवासियों को डिजिटल जू और वर्चुअल जंगल का ऐसा अनुभव देगा, जो प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में भी एक नई पहल साबित होगा।

महापौर ने बताया कि 14D थिएटर में दर्शकों को केवल फिल्म नहीं दिखाई जाएगी, बल्कि उन्हें बारिश, पानी, हवा, जंगल, वन्यजीवों और रोलर कोस्टर जैसे रोमांचक प्रभावों का वास्तविक अहसास भी कराया जाएगा। अलग-अलग फिल्मों और विशेष तकनीक के माध्यम से बच्चे और बड़े दोनों वन्यजीवन को करीब से महसूस कर सकेंगे तथा वन्य प्राणियों के बारे में रोचक जानकारी प्राप्त करेंगे।

उन्होंने बताया कि थिएटर के साथ डिजिटल गार्डन, डिजिटल भूलभुलैया और डिजिटल एक्सपीरियंस जोन भी विकसित किया गया है। यहां आधुनिक तकनीक के जरिए शिक्षा, मनोरंजन और प्रकृति संरक्षण का संदेश एक साथ दिया जाएगा।


महापौर ने कहा कि परियोजना लगभग पूरी हो चुकी है और कुछ अंतिम कार्य शेष हैं। पीपीपी मॉडल पर तैयार इस परियोजना का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में किया जाएगा।उन्होंने विश्वास जताया कि यह डिजिटल अनुभव इतना रोमांचक होगा कि यहां आने वाला हर व्यक्ति कुछ देर के लिए फिर से बच्चा बन जाएगा। इंदौर का यह डिजिटल जू आने वाले समय में शहर का नया आकर्षण बनेगा और पर्यटन को भी नई पहचान देगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here