नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग बैच का सेमिनार/उद्घाटन कार्यक्रम सर छोटू राम इंजीनियरिंग कॉलेज, मेरठ में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डा0 वी0के सिंह ने कहा कि युवा अपने भविष्य को भाग्य के भरोसे न छोड़ें। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का आधार कठोर परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास है। जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी निष्ठा से जुट जाएँ। मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता तथा निरंतर प्रयास करने वाले विद्यार्थी ही सफलता का मुकाम प्राप्त करते हैं। जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में कार्यरत प्रशासनिक अधिकारियों की बीच-बीच में 30 से 35 मिनट की क्लास लगाकर छात्रों को आगे की परीक्षा की तैयारी हेतु प्रेरित करते रहें।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए अपनी रुचि के विषयों की पुस्तकों का नियमित अध्ययन करें। अपर नगर आयुक्त ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले महत्वपूर्ण टिप्स दिए एवं विद्यार्थियों को पूर्व वर्षों में परीक्षाओं में पूछे गये प्रश्नपत्रों का गंभीर अध्ययन करने, परीक्षा पैटर्न को समझने तथा नियमित अभ्यास एवं मॉक टेस्ट देने की सलाह दी ।
जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) सुश्री पूजा सेहरावत ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुये कहा कि गरीबी किसी भी विद्यार्थी के लिए उसके मार्ग की बाधा नहीं है उसे प्रेरणा के रूप में लें। कठिन परिस्थितियाँ व्यक्ति को निरंतर संघर्ष और सफलता के लिए प्रेरित करती हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह ने योजना की विस्तृत रूप-रेखा प्रस्तुत की एवं बताया कि उत्तर प्रदेश शासन की यह महत्वाकांक्षी योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है । इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, कॉलेज के निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास), जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं विषय विशेषज्ञ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे ।


No comments:
Post a Comment