Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 15, 2026

महिलाओं को सिर्फ सौ रुपये फीस में आईटीआई में एंट्री

- महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने फीस घटाई 

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। योगी सरकार ने प्रदेश की महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की है। प्रदेश सरकार की ओर से आईटीआई में महिलाओं को मात्र सौ रुपये में आवेदन करने का मौका दिया गया है। सभी वर्गों में महिलाएं अब इस शुल्क में आईटीआई की विभिन्न ट्रेड के लिए आवेदन कर सकती हैं। 

 प्रदेश में यह पहली बार है जब समस्त श्रेणियों की महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क मात्र सौ रुपये किया गया है। बीते वर्षों में सामान्य-ओबीसी वर्ग में महिला अभ्यर्थियों को 250 रुपये एवं एससी-एसटी श्रेणी में 150 रुपये शुल्क देना होता था। शासन के इस फैसले का असर प्रदेशभर में आईटीआई में सत्र 2026-27 के लिए जारी प्रवेश प्रक्रिया पर पड़ने की उम्मीद है। आवेदन शुल्क कम होने से महिला अभ्यर्थियों के आवेदनों में वृद्धि की उम्मीद है। राजकीय आईटीआई में प्रशिक्षण शुल्क पहले से ही न्यूनतम है। प्रदेश में 12 आईटीआई केवल महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। वहीं, पुरुष वर्ग में सामान्य-ओबीसी अभ्यर्थियों को तीन सौ रुपये जबकि एससी-एसटी को 250 रुपये पंजीकरण शुल्क देना होगा।  


जारी हैं आवेदन, कर लें प्रक्रिया पूरी
प्रदेशभर के आटीआई में प्रवेश के लिए वर्तमान में ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। अभ्यर्थी https://www.scvtup.in जाते हुए पंजीकरण करा सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि चार अगस्त है। पंजीकरण तिथि खत्म होने के दो दिन बाद तक अभ्यर्थी अपने आवेदन में सुधार या संशोधन भी कर सकेंगे।  

मेरिट से होंगे प्रवेश, तीन विकल्प देने होंगे
आईटीआई में प्रवेश मेरिट से होंगे। ट्रेड की अर्हता के अनुसार आठवीं एवं 10 वीं के अंकों के आधार पर मेरिट जारी होगी। पहले चरण में सीटों का ऑनलाइन आवंटन होगा। आवेदन के वक्त अभ्यर्थियों को आईटीआई में प्रवेश के तीन विकल्प देने होंगे। पहले विकल्प में केवल राजकीय और पीपीपी मॉडल के आईटीआई दे सकेंगे। दूसरे विकल्प में सिर्फ निजी आईटीआई जबकि तीसरे में राजकीय एवं निजी दोनों तरह के आईटीआई चुनने का विकल्प होगा। अधिक जानकारी उक्त वेबसाइट से हासिल की जा सकती है। 

75% सीटों पर संबंधित जिले के अभ्यर्थियों को ही मौका
उक्त सत्र में 75 फीसदी सीटों पर राजकीय एवं पीपीपी मॉडल आईटीआई में संबंधित जिलों के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। एनसीवीटी और एससीवीटी से मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रमों में ही यह लागू होगा। 

आंकड़ों में आईटीआई
-290 राजकीय आईटीआई हैं प्रदेश में
-38 आईटीआई पीपीपी मॉडल में
-2932 आईटीआई निजी क्षेत्र के
-12 आईटीआई केवल महिलाओं के लिए
-135119 सीटें हैं राजकीय आईटीआई में
-343568 सीटें मिलेंगी निजी आईटीआई में
------------------------

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here