नित्य संदेश, इंदौर। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, किला भवन, इंदौर में प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के संरक्षण, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. बैरागी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रभारी प्रो. शीतल ब्राह्मणे के तत्वावधान में दिनांक 06 जुलाई 2026 को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मल्हारगंज थाने के उप निरीक्षक गुंजन पटेल एवं ध्रुव प्रधान, आरक्षक गोविंद मीणा, मनोज चौधरी लोकेंद्र एवं राहुल प्रधान उपस्थित रहे । उप निरीक्षक गुंजन पटेल ने छात्राओं को साइबर अपराध के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की एवं उससे बचने हेतु विभिन्न प्रकार की सावधानियों से अवगत कराया गया । उप निरीक्षक ध्रुव प्रधान द्वारा साइबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों जैसे ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, साइबर बुलिंग, डिजिटल भुगतान सुरक्षा, सोशल मीडिया सुरक्षा एवं व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता के संरक्षण पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। छात्राओं को मजबूत पासवर्ड के उपयोग, संदिग्ध लिंक से बचाव तथा साइबर अपराध की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई एवं शिकायत प्रक्रिया के बारे में भी अवगत कराया गया।
महाविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं से अपील की कि वे इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्कता एवं जिम्मेदारी का परिचय दें तथा साइबर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अतिथि विद्वान, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता कर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया । इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूक रहने एवं दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं लगभग 77 छात्राएं उपस्थित रही । कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रो. सादिक खान द्वारा दिया गया। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ. नेहा गुप्ता द्वारा दी गई ।



No comments:
Post a Comment