नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में संचालित राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान ‘रचना’ के अंतर्गत अभिनव भारत चैरिटेबल ट्रस्ट की कार्यकारी इकाई ‘उन्मुक्त भारत’ द्वारा गुरुग्राम के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कादरपुर में एक प्रेरणादायी जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, प्राथमिक चिकित्सा तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम में डॉ. शोभा गुप्ता, आमोद गुप्ता, दीप्ति गुप्ता सैनी, ईवा सैनी एवं एम्मा सैनी ने सहभागिता की। विद्यालय में सभी अतिथियों का स्वागत श्रीमती सुनीता सिंह ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण तथा लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अपने संबोधन में डॉ. शोभा गुप्ता ने कहा कि सुभारती समूह के संस्थापक एवं राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के प्रणेता डॉ. अतुल कृष्ण के मार्गदर्शन में ‘उन्मुक्त भारत’ के माध्यम से राष्ट्रीय चरित्र निर्माण योजना (रचना) का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में राष्ट्र सर्वोपरि की भावना विकसित करना, उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन, सेवा एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को ‘देश प्रथम, सदैव प्रथम’, ‘जय हिंद’ एवं ‘वंदे मातरम्’ जैसे प्रेरक राष्ट्रवादी संदेशों का महत्व बताते हुए भारत के स्वतंत्रता संग्राम में क्रांतिकारियों, विशेष रूप से नेताजी सुभाष चंद्र बोस, के अद्वितीय योगदान पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
डॉ. शोभा गुप्ता ने व्यक्तिगत एवं सामाजिक स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर एम्मा सैनी ने हाथों को सही एवं वैज्ञानिक तरीके से धोने की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया, जबकि ईवा सैनी ने प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट एड) एवं प्राथमिक उपचार बॉक्स के प्रभावी उपयोग की जानकारी देकर विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक सावधानियों एवं त्वरित सहायता के उपायों से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी जागरूकता एवं विषय के प्रति गहरी रुचि का परिचय दिया। विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आमोद गुप्ता ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान का लक्ष्य प्रत्येक छात्र, शिक्षक एवं नागरिक के मन में ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना को सुदृढ़ करना है, ताकि भारत एक सशक्त, संस्कारित, स्वावलंबी और चरित्रवान राष्ट्र के रूप में निरंतर आगे बढ़ सके। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से अपने जन्मदिवस पर कम-से-कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को उपहार एवं चॉकलेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. शोभा गुप्ता ने ‘जय हिंद’ के उद्घोष के साथ किया, जबकि समापन आमोद गुप्ता ने अखंड भारत के राष्ट्रगान के साथ कराया। राष्ट्रभक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, प्राथमिक चिकित्सा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर केंद्रित यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई तथा पूरे आयोजन का वातावरण राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।

No comments:
Post a Comment