नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। लगातार हो रही वर्षा के दृष्टिगत कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने गुरुवार को कैंट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ज़ाकिर हुसैन, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, कैंट बोर्ड, नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बेगमपुल, जली कोठी, ईव्स चौराहा, पटेल नगर, थापर नगर, सदर, लालकुर्ती, रजबन, गंगानगर सहित अनेक स्थानों पर वर्षा के कारण उत्पन्न जलभराव की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था तथा नालों एवं नालियों की सफाई का जायज़ा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों से तत्काल पानी की निकासी सुनिश्चित करने, नालों की नियमित सफाई कराने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विधायक अमित अग्रवाल ने कहा, “जनता की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तत्परता और समन्वय के साथ कार्य करें।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर प्रत्येक वर्ष जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, वहां केवल अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विधायक श्री अग्रवाल ने कहा, “प्रशासन की जिम्मेदारी है कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाकर आमजन को राहत देना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।” निरीक्षण के दौरान कैंट बोर्ड, नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने जलभराव की समस्या के समाधान हेतु किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी तथा आवश्यक स्थानों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment