• इंदौर पुलिस ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से 80 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचाया साइबर सुरक्षा का संदेश
• हैकेथॉन विजेताओं, सहयोगी व्यक्ति/संस्थाओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 24 जून 2026 से 8 जुलाई 2026 तक संचालित "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के अंतर्गत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा विगत 15 दिनों में शहरभर में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के समापन अवसर पर 8 जुलाई 2026 को अभय प्रशाल, इंदौर में भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया।
समापन कार्यक्रम का आयोजन पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) श्री मयंक अवस्थी, नगरीय इंदौर के सभी पुलिस उपायुक्तगण, अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में स्कूल एवं कॉलेजों के विद्यार्थी तथा आमजन सहित करीब 3000 लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत इस अभियान की नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्रीमती मीना चौहान द्वारा इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के सेफ़ क्लिक अभियान के दौरान की उपलब्धियों व इन 15 दिनों में की गई विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देने के साथ हुई। उन्होंने इस अभियान से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इंदौर पुलिस द्वारा सेफ क्लिक 2.0 अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, कॉलोनियों, बस्तियों, बैंकों, होटल-रेस्टोरेंट, सिनेमाघरों, प्रमुख मॉल्स, बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों सहित शहर के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर, व्याख्यान, नुक्कड़ नाटक, गीत, डांस, रंगोली/पेंटिंग प्रतियोगिता, साइबर सुरक्षा रथ, साइकिल रैली, पोस्टर बैनर पंपलेट्स, बस स्टैंड , रेल्वे स्टेशन, लोक परिवहन वाहनों, सिनेमा हाल व प्रमुख स्थानों पर स्क्रीन पर वीडियो फ़िल्में, डिलेवरी पार्टनर्स के साथ कैंपेन, मैराथन, साइबर हैकेथॉन आदि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने, व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने तथा साइबर ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि आज के तकनीकी युग में सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि प्रत्येक नागरिक डिजिटल प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करेगा, तो अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इंदौर पुलिस पूर्व से ही साइबर जागरूकता के लिए निरंतर कार्य करती रही है तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितैषी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी संस्थाओं, नागरिकों एवं पुलिस टीम को धन्यवाद देते हुए, इस सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी।
साथ ही उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों ,अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्टूडेंट्स को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।
सेफ क्लिक 2.0 अभियान के दौरान इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा कुल 307 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से लगभग 80 लाख से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। इनमें ऑफलाइन 275 से अधिक कार्यक्रमों के माध्यम से 5 लाख से अधिक नागरिकों को प्रत्यक्ष रूप से जागरूक किया गया, जबकि फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं एक्स (ट्विटर) सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संचालित डिजिटल जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से 75 लाख से अधिक लोगों तक "सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन" का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाया गया।
समापन समारोह में अभियान के अंतर्गत आयोजित साइबर हैकेथॉन के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही पूरे अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों, सहयोगियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन साइबर सुरक्षा के प्रति सामूहिक जनभागीदारी एवं डिजिटल रूप से सुरक्षित समाज के संकल्प के साथ हुआ।





No comments:
Post a Comment