नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पुलिस प्रशासन की कार्यशैली के विरोध में जिला मेरठ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की बैठक का आयोजन खैर नगर स्थित महामंत्री कार्यालय "मेट्रो एंटरप्राइजेज" पर किया गया, जिसकी अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र भसीन व संचालन महामंत्री रजनीश कौशल ने किया ।
इस बैठक में कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रमुख मुद्दा खैर नगर के एक थोक दवा व्यापारी द्वारा बाजार के कई दवा व्यापारियों का पैसे लेकर भागने का था, इस संदर्भ में चर्चा हुई। उक्त व्यापारी, जिसके साथ बाजार के अन्य व्यापारी करीब डेढ़ - दो साल से व्यापार कर रहे थे, वह अचानक बाजार के कई व्यापारियों का लाखों रूपए लेकर फरार हो गया था, जिसकी शिकायत व्यापरियों द्वारा एस•पी• सिटी मेरठ से की गई थी। उन्होंने तुरंत इसको संज्ञान में लेते हुए सीओ कोतवाली को जांच कर एफ आई आर दर्ज करने के निर्देश दिए, परंतु आज दिनांक 04 जुलाई तक भी सीओ कोतवाली द्वारा इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिस कारण उस व्यापारी का हौसला इतना बुलंद हो गया, कि वह वापिस आ गया है, और सरेआम बाजार में बैठ कर व्यापारियों को धमका रहा है की जिससे पैसे लिए जाए ले लो, ज्यादा कहोगे तो एस•सी• एस•टी• एक्ट में मुकदमा कायम करा दूंगा। यह सीधे-सीधे पुलिस प्रशासन की नाकामी है कि वह व्यापारी खुलेआम कानून को चुनौती दे रहा है तथा बाजार के लाखों रुपए मारने के बाद भी जिनके पैसे चाहिए उनको धमका रहा है।
दूसरा मुद्दा चेयरमैन मोइनुद्दीन गुड्डू द्वारा उठाया गया। उन्होंने कहा कि हमारे महामंत्री रजनीश कौशल जी की अनुपस्थिति में उनके प्रतिष्ठान "मेट्रो एंटरप्राइजेज" पर उनके बेटे आयुष कौशल को दिनांक 02 जुलाई को शाम लगभग 4:30 के दो लड़कों द्वारा उनकी दुकान में बिना उनकी अनुमति घुस कर वीडियो बनाने का विरोध करने पर उनके बेटे के साथ गाली गलौज की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिसकी शिकायत हमारे संगठन द्वारा अगले ही दिन दिनांक 03 जुलाई को दिन में 12:30 बजे संबंधित थाना "दिल्ली गेट" में कर दी गई थी, जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
तीसरा मुद्दा संगठन मंत्री सुनील अग्रवाल द्वारा खैर नगर में व्यापरियों की सुरक्षा के मद्देनजर, पुलिस पिकेट की अनिवार्यता को लेकर उठाया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि "पुलिस अधीक्षक" मेरठ, से खैर नगर बाज़ार में परमानेंट पुलिस के दो सिपाही बैठाने की बात की गई थी, उनके आदेश अनुसार "पुलिस पिकेट" बैठाई भी गई थी, परन्तु उनके स्थानांतरित होने के एक-दो दिन बाद पुलिस वालों ने आना बंद कर दिया। इसको स्थाई रूप से बैठाया जाए।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने कहा कि हमारी उपरोक्त समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए पुलिस प्रशासन से मांग है, कि हमारे संगठन के महामंत्री रजनीश कौशल जी के पुत्र आयुष कौशल को धमकी देने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करते हुए उनकी गिरफ्तारी शीघ्र होनी चाहिए। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में खैर नगर के समस्त दवा व्यापरियों द्वारा भविष्य में बाजार को बंद कराने का फैसला लिया गया, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष हेमंत बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव ग्रोवर, सर्जिकल अध्यक्ष मनोज शर्मा, पंकज अरोरा, पारस ङुङेजा, वैभव आनंद, मोहित आहूजा, विष्णु, ब्रज गोपाल गुप्ता, राजेश अग्रवाल, विवेक सिंघल(के•पी•), असब अंसारी इत्यादि उपस्थित रहे
No comments:
Post a Comment