नित्य संदेश ब्यूरो
अमरोहा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने आज अमरोहा जनपद के गजरौला से श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के प्रदेशव्यापी संगठन विस्तार अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन, जिन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के गौरवशाली वंश का प्रतीक माना जाता है, केवल अग्रवाल समाज के आराध्य नहीं बल्कि सेवा, समरसता, स्वाभिमान, उद्यम, राष्ट्रनिर्माण और सनातन संस्कृति के महान प्रेरणास्रोत हैं।
विनीत शारदा ने कहा कि आज आवश्यकता है कि अग्रवाल समाज अपनी आर्थिक, सामाजिक और संगठनात्मक शक्ति को राष्ट्रहित के लिए एकजुट करे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारत और उत्तर प्रदेश सेवा, सुशासन, सांस्कृतिक गौरव और विकास के नए युग में प्रवेश कर चुके हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश का व्यापारी भय, अपराध, रंगदारी और असुरक्षा के वातावरण की चर्चा करता था, समाजवादी। पार्टी की सरकार में जंगल राज था प्रदेश कर्फ्यू और डंगो से ग्रस्त रहता था सपा सरकार में रावण राज था जबकि आज राम राज्य हे प्रदेश निवेश, उद्योग, कानून-व्यवस्था और आधारभूत संरचना की नई पहचान बना है। उन्होंने कहा कि बड़े औद्योगिक समूह उत्तर प्रदेश में निवेश कर रहे हैं तथा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में सरकार द्वारा निर्धारित निवेश लक्ष्य से कहीं अधिक निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से बड़ी संख्या में परियोजनाएँ धरातल पर उतर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, एम्स, आधुनिक आधारभूत संरचना, एमएसएमई और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा, व्यापारी हितों की योजनाएँ तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की नई कार्यसंस्कृति का प्रमाण हैं। गजरौला में आयोजित अग्रवाल समाज की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता धनोरा मंडी के चेयरमैन श्री परवीन अग्रवाल ने की। बैठक में श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने घोषणा की कि हरियाणा के हिसार स्थित ऐतिहासिक अग्रोहा धाम के बाद भारत का दूसरा भव्य अग्रोहा धाम मेरठ में तेज़ी से निर्माणाधीन है।
उन्होंने बताया कि इस भव्य परिसर में महाराजा अग्रसेन जी का मंदिर, कुलदेवी माँ लक्ष्मी मंदिर, शिव-पार्वती परिवार मंदिर, 51 फीट ऊँची भगवान श्री हनुमान जी की प्रतिमा, 72 स्टूडियो अपार्टमेंट युक्त वीवीआईपी वृद्धाश्रम, 50 शैय्याओं का आधुनिक अस्पताल, लगभग 1500 से 2000 लोगों की क्षमता वाले दो विशाल सभागार तथा सनातन संस्कृति, सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता को समर्पित अनेक जनकल्याणकारी परियोजनाएँ विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक परिसर नहीं होगा, बल्कि पूरे देश के अग्रवाल समाज के लिए संगठन, संस्कार, सेवा और राष्ट्रचेतना का प्रेरणाकेंद्र बनेगा।
श्री शारदा ने कहा कि अब अग्रवाल समाज केवल व्यापार तक सीमित समाज नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सामाजिक नेतृत्व, सेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण में निर्णायक भूमिका निभाएगा तथा श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट इस अभियान का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में आगामी एक माह के भीतर पूरे उत्तर प्रदेश में प्रदेश, क्षेत्रीय एवं जिला इकाइयों के गठन का लक्ष्य घोषित करते हुए कहा कि आज अमरोहा से इस अभियान का शुभारंभ हुआ है, इसके बाद रामपुर जिले के बिलासपुर, मुरादाबाद सहित प्रतिदिन दो से तीन जिलों का दौरा किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश को छह संगठनात्मक क्षेत्रों में विभाजित कर संगठन का विस्तार किया जाएगा। अमरोहा की जिला इकाई के गठन को लेकर समाज के वरिष्ठजनों एवं अग्रबंधुओं के साथ अत्यंत सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में विस्तृत चर्चा हुई तथा सभी से एक सप्ताह के भीतर प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष के नाम प्रस्तावित करने का आग्रह किया गया।
बैठक में मेरठ से आए श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी राजीव मित्तल एवं दीपक गुप्ता, व्यापार मंडल गजरौला के संरक्षक रामप्रकाश गर्ग, धनोरा रामलीला प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष अवनीश अग्रवाल, उपाध्यक्ष सोनू गर्ग, सरस्वती शिशु मंदिर गजरौला के प्रबंधक कपिल कुमार सिंगल, अग्रवाल समाज अमरोहा के अध्यक्ष विशाल गर्ग, डॉ. दीपक अग्रवाल, प्रमोद कुमार सिंगल, सुशील कुमार अग्रवाल, गुलाब राय गुप्ता, सुलेख कुमार सिंगल, अंकुर अग्रवाल, मनोज गोयल, मुकेश गोयल सहित बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के गणमान्य नागरिक, व्यापारी, समाजसेवी एवं युवा उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment