Breaking

Your Ads Here

Saturday, July 11, 2026

मेरठ में बन रहा भव्य ‘अग्रवाल धाम’ बनेगा सनातन सेवा

नित्य संदेश ब्यूरो

रामपुर। बिलासपुर में आज श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में अग्रवाल समाज की एक विशाल, ऐतिहासिक एवं उत्साहपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता बिलासपुर के चेयरमैन श्री चित्रक मित्तल जी ने की तथा मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन चौक पर महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। 

बैठक में मेरठ से ट्रस्ट के ट्रस्टी श्री दीपक गुप्ता एवं श्री राजीव मित्तल, रामपुर से श्री राजीव मांगलिक तथा अंशुमल अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, धनुमल बंसल, विवेक अग्रवाल, दुश्यंत अग्रवाल, सपन अग्रवाल, कुशल गर्ग, सचित अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, सुनील गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के गणमान्य बंधुओं ने सहभागिता की। 
अपने संबोधन में विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि अग्रवाल समाज मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों, भगवान श्रीकृष्ण की धर्मनीति, लोकनीति एवं राष्ट्रनीति तथा कुलदेवी माँ महालक्ष्मी की कृपा, परिश्रम, समृद्धि और सेवा की परंपरा का वाहक है तथा महाराजा अग्रसेन जी का ‘एक ईंट–एक रुपया’, समानता, सहयोग, स्वावलंबन, सेवा, सामाजिक समरसता और अंतिम व्यक्ति के उत्थान का सिद्धांत आज भी समाज के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि अग्रवाल समाज व्यापार के साथ-साथ राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका, सेना, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, विज्ञान और समाजसेवा के प्रत्येक क्षेत्र में अपना प्रभावी नेतृत्व स्थापित करे। 

विनीत शारदा ने कहा कि इसी उद्देश्य से श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट पूरे उत्तर प्रदेश में प्रदेश, क्षेत्रीय एवं जिला इकाइयों का गठन कर रहा है और वे स्वयं जनपद-जनपद प्रवास कर समाज को एक सूत्र में जोड़ने का अभियान चला रहे हैं, जहाँ समाज का अभूतपूर्व उत्साह और सहयोग यह सिद्ध कर रहा है कि अग्रवाल समाज अब संगठन की नई शक्ति बनने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि मेरठ में श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट द्वारा निर्माणाधीन भव्य अग्रवाल धाम केवल एक परिसर नहीं, बल्कि पूरे देश के अग्रवाल समाज के लिए सेवा, संस्कार, संगठन और सनातन संस्कृति का राष्ट्रीय तीर्थ होगा, जहाँ भगवान महाराजा अग्रसेन जी का भव्य मंदिर, कुलदेवी माँ महालक्ष्मी धाम, भगवान शिव–पार्वती परिवार का मंदिर, विशाल हनुमान जी की प्रतिमा, 50 बेड का आधुनिक अस्पताल, 72 स्टूडियो अपार्टमेंट सहित वृद्धाश्रम, भव्य यज्ञशाला, विशाल सभागार, वीआईपी अतिथि गृह, सवामणी एवं एक साथ चार परिवार छप्पन भोग की व्यवस्था तथा सनातन धर्म, सेवा, संस्कार, शिक्षा, चिकित्सा और जनकल्याण से जुड़े अनेक स्थायी प्रकल्प स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह धाम आने वाली पीढ़ियों के लिए गौरव, आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक बनेगा तथा अग्रोहा धाम के बाद उत्तर भारत में अग्रवाल समाज का एक महत्वपूर्ण प्रेरणा केंद्र सिद्ध होगा। 

उन्होंने सभी अग्रवाल परिवारों से इस महाअभियान में तन, मन और धन से सहभागी बनने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित अग्रवाल बंधुओं ने संगठन विस्तार में पूर्ण सहयोग देने तथा शीघ्र ही प्रदेश, क्षेत्रीय एवं जिला इकाइयों के गठन के लिए नाम उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। 

अंत में विनीत अग्रवाल शारदा ने सभी अग्रवाल बंधुओं द्वारा दिए गए आत्मीय स्वागत, सम्मान और सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों पर संगठित, समृद्ध, संस्कारित और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित समाज के निर्माण का आह्वान किया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here