• स्कूल से लौटे बच्चों ने मां का खून से लथपथ शव देखा; महिला का पति फरार
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। डाक विभाग, इंदौर में पदस्थ एक महिला असिस्टेंट की उसी के पति के द्वारा हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका उर्मिला सैनी की उसी के पति अखिलेश सैनी ने हत्या कर दी। हत्या के बाद अखिलेश बेटी के स्कूल पहुंचा और उसे एटीएम कार्ड थमाकर चला गया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
शुरुआती जांच में इंदौर की डाककुंज कॉलोनी के ग्राउंड फ्लोर स्थित सरकारी आवास में शनिवार को डाक विभाग की पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी (38) की हत्या कर दी गई। स्कूल से लौटे दोनों बच्चों ने घर के अंदर मां का खून से लथपथ शव देखा। घटना के बाद से महिला का पति अखिलेश सैनी फरार है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में पता चला पति -पत्नी में आपसी विवाद था
दोपहर करीब एक बजे जब दोनों बच्चे स्कूल से घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला था और अंदर तेज आवाज में टीवी चल रही थी। घर के भीतर पहुंचते ही उन्होंने मां का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। घबराकर बच्चों ने अपने नाना सत्यनारायण मालाकार को फोन किया। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पिता ने स्कूल जाकर बच्चों से कहा- "हम भोपाल जा रहे हैं"
परिजनों के मुताबिक, घटना के समय दोनों बच्चे स्कूल में थे। शनिवार सुबह करीब 9 बजे अखिलेश सैनी स्कूल पहुंचा और बच्चों से कहा कि वह और उनकी मां भोपाल जा रहे हैं। उसने बच्चों से मौसी के घर चले जाने को कहा। साथ ही बताया कि उनकी एक्टिवा स्कूल में ही खड़ी रहेगी।
बेटी को घर का चाबी और एटीएम कार्ड दिया
उसने बेटी को घर की चाबी, एटीएम कार्ड और जेवरातों की जानकारी भी दी। हालांकि स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चे मौसी के घर नहीं गए और सीधे घर पहुंच गए। बेटी 9वीं कक्षा में पढ़ती है, जबकि बेटा चौथी कक्षा का छात्र है।
परिजनों का आरोप- पति कोई काम नहीं करता
महिला के परिजनों का आरोप है कि अखिलेश सैनी कोई काम नहीं करता था और आए दिन उर्मिला से झगड़ा करता था। उनका कहना है कि आपसी विवाद और तात्कालिक आवेश में उसने पत्नी की हत्या की और फरार हो गया।
लोग बोले- "पत्नी पर शक करता था आरोपी पति"
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पर पहुंचे थे।स्थानीय लोगों ने बताया कि उर्मिला एमजी रोड स्थित डिविजनल ऑफिस में पोस्टल असिस्टेंट थीं। दोनों बच्चे पढ़ाई में होनहार हैं। बेटी स्कूल में बेस्ट गर्ल स्टूडेंट रह चुकी है और यूट्यूब पर भी प्रमोशन करती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अखिलेश वर्क फ्रॉम होम में अगरबत्ती ट्रेडिंग का काम करता था और पत्नी पर शक करता था। भोपाल में रहने के दौरान भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। मामला थाने तक पहुंचा था, लेकिन बाद में समझौता हो गया था।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस की टीमें
सूचना मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस, पलासिया थाना पुलिस, एसीपी निधि दंडोतिया और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस पति-पत्नी के बीच विवाद को हत्या की संभावित वजह मान रही है। हालांकि हत्या का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस फरार पति अखिलेश सैनी की तलाश कर रही है।



No comments:
Post a Comment