नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। राज्य कर विभाग की अपील पर व्यापारियों ने चाइनीज मांझे की बिक्री न करने का भरोसा दिया। शनिवार को राज्य कर विभाग मेरठ द्वारा कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में शासन एवं राज्य कर मुख्यालय द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में चाइनीज मांझा/सिंथेटिक मांझा/सीसा लेपित डोरी के निर्माण, विक्रय एवं उपयोग को प्रभावी रूप से रोके जाने के संबंध में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बैठक में अपर आयुक्त ग्रेड-1 राज्य कर मेरठ जोन, मेरठ हरीराम, अपर आयुक्त ग्रेड-2 (वि०अनु०शा०) राज्य कर मेरठ जोन, मेरठ सुशील कुमार सिंह, संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) राज्य कर सम्भाग-बी मेरठ, अनीता गर्त्याल, संयुक्त आयुक्त राज्य कर संजय कुमार सिंह, उपायुक्त राजेश सिंह, सीमा सिंह, प्रतिभा सिंह, सचिन कुमार व अन्य खण्डाधिकारी उपस्थित रहे। व्यापारी वर्ग से रवि मनचन्दा संगम ट्रेडर्स, अविनाश शर्मा, अंकुर जैन, प्रदीप शाह, नरेन्द्र दधीचि अन्नपूर्णा हैण्डलूम, विपिन शर्मा पुष्प यार्न नेट्स मेकर, मो. काशिफ, मो० शहजाद आदि धागा कारोबारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। संवाद कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त अरूण कुमार पाण्डेय व सहायक आयुक्त अम्बुज सिंह द्वारा किया गया। उक्त अवसर पर कारोबारी अविनाश शर्मा मयंक ट्रेडर्स एवं मो० शहजाद टी.एस. इण्डस्ट्रीज द्वारा व्यापार के सामान्य क्रम में होने वाली समस्याओं से अवगत कराते हुये उनका निदान किये जाने का अनुरोध किया गया।
एडीशनल कमिश्नर ग्रेड-2 एस.आई.बी. सुशील कुमार सिंह द्वारा मौके पर ही कारोबारियों की विभिन्न समस्याओं का उचित समाधान किया गया। बैठक में राज्य कर विभाग के अधिकारियों द्वारा माननीय उच्च न्यायालय खण्डपीठ लखनऊ में योजित जनहित याचिका संख्या 13864/2018, मोतीलाल यादव बनाम मा० प्रधानमंत्री कार्यालय व अन्य तथा सम्बद्ध जनहित याचिका संख्या-499/2025 रज्जन खान बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में पारित आदेश से अवगत कराया गया। साथ ही चाइनीज मांझा/सिंथेटिक मांझा/सीसा लेपित डोरी के उपयोग से हो रही जनहानि के संबंध में जागरूक करते हुये ऐसे हानिकारक धागों के निर्माण, विक्रय एवं उपयोग को प्रभावी रूप से रोके जाने के संबंध में व्यापारियों को जागरूक किया गया। व्यापारी बन्धुओं द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा चाइनीज मांझा/सिंथेटिक मांझा/सीसा लेपित डोरी की खरीद-बिक्री अथवा निर्माण का कार्य नहीं किया जाता है। व्यापारी बन्धुओं द्वारा यह भी बताया गया कि सिंथेटिक/चाइनीज धागे का अधिकतम संव्यवहार ई-कामर्स से उपभोक्ताओं द्वारा किया जाता है। उपायुक्त प्रशासन श्री रंजीत रमन द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु रचनात्मक प्रयास किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में सम्पन्न हुआ ।

No comments:
Post a Comment