• निःशुल्क स्वास्थ्य, नेत्र परीक्षण एवं ओरल कैंसर स्क्रीनिंग शिविर संपन्न
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। युवा चेतना के प्रतीक स्वामी विवेकानंद के स्मृति दिवस पर क्षेत्र क्रमांक-2 के लोकप्रिय विधायक माननीय रमेश मेंदोला के सहयोग से माँ कनकेश्वरी देवी शासकीय महाविद्यालय, इंदौर में विद्यार्थियों,प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य संवर्धन एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र परीक्षण एवं ओरल कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि रमेश मेंदोला ने अपने उद्बोधन में कहा कि "प्रथम सुख निरोगी काया" की भावना को साकार करने वाला यह शिविर स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी नींव हैं।
कार्यक्रम की प्रभारी डॉ. साधना सचदेवा ने बताया कि यह शिविर यूथ रेड क्रॉस सोसायटी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। विशिष्ट अतिथि डॉ. किरण बाला सलूजा,अतिरिक्त संचालक,उच्च शिक्षा,इंदौर संभाग ने महाविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि "स्वस्थ युवा, सशक्त राष्ट्र" का संदेश जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य मेजर डॉ. संजय सोहनी एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. स्मिता चैतन्य ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेष अतिथि एवं क्षेत्र क्रमांक-2 के जनप्रतिनिधि चंदू शिंदे ने कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी प्राध्यापकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर में एचसीजी कैंसर हॉस्पिटल, इंदौर की ओर से हितेश ओझा (सीनियर एग्जीक्यूटिव), डॉ. रेखा निकम एवं उनकी टीम तथा अग्रवाल आई हॉस्पिटल की ओर से दीपक दुधवा, सरला बिलोनिया एवं उनकी टीम ने सेवाएं प्रदान की। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप मापन, स्वास्थ्य परामर्श, नेत्र परीक्षण, दृष्टिदोष संबंधी परामर्श एवं ओरल कैंसर स्क्रीनिंग की गई।कार्यक्रम के संयोजक डॉ. साधना सचदेवा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बाऊ पटेल रहे। डॉ. पुष्पा पठोते एवं डॉ. निशांत मिश्रा ने आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका ढलवानी ने किया।





No comments:
Post a Comment