Breaking

Your Ads Here

Tuesday, July 14, 2026

38वें दीक्षांत समारोह का लोगो जारी ज्ञान, गौरव और उत्कृष्टता का प्रतीक है नया लोगो : प्रो. संगीता शुक्ला



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह के आधिकारिक लोगो का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


लोगो का विमोचन करते हुए कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी विद्यार्थी के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण क्षण होता है। यह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि वर्षों के परिश्रम, अनुशासन, ज्ञानार्जन और उपलब्धियों का उत्सव भी है। उन्होंने कहा कि 38वें दीक्षांत समारोह का यह लोगो विश्वविद्यालय की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा, उत्कृष्टता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कुलपति ने कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और नवाचार की भावना से भी जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष का दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय रहेगा तथा उन्हें समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।



उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को नई जिम्मेदारियों और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here