Breaking

Your Ads Here

Friday, July 10, 2026

30 वर्ष पुराना कच्चा मकान बारिश में अचानक भरभराकर ढह गया

इकराम चौधरी
नित्य संदेश, किठौर। थाना क्षेत्र के गांव ललियाना में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश ने एक गरीब परिवार का आशियाना छीन लिया। देर रात लगातार बारिश के कारण लगभग 30 वर्ष पुराना कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। जैसे ही मकान की कड़ियां टूटकर गिरनी शुरू हुईं, परिवार के लोग किसी तरह भागकर बाहर निकले और अपनी जान बचाई। शोर सुनकर आसपास के पड़ोसीभी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में परिवार की मदद की।

जानकारी के अनुसार, यह मकान शराफत अली पुत्र शौकत अली का था निवासी ग्राम ललियाना। हादसे में शराफत अली गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी चार वर्षीय पोती सादिका को मामूली चोटें आईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में अब पहले से सुधार है। मकान गिरने से घर में रखा अधिकांश घरेलू सामान मलबे में दब गया। जो थोड़ा-बहुत सामान सुरक्षित बचा, उसे रखने के लिए भी परिवार के पास कोई स्थान नहीं बचा है। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। शराफत अली के परिवार में उनके पुत्र सहित कुल 11 सदस्य हैं, जिनके सिर से एकमात्र छत भी छिन गई है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन और प्रदेश सरकार से आर्थिक सहायता तथा प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा अन्य सरकारी योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे अपने स्तर पर नया मकान बनवा सकें।

इस संबंध में जब मवाना के नायब तहसीलदार सचिन चौधरी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार तहसील में आकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करे। मामले की जांच कर नियमानुसार हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र के कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे जर्जर मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को शीघ्र राहत और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here