Breaking

Your Ads Here

Friday, July 10, 2026

नाना पटवारी बोले- 3 साल पहले तक ड्रग्स लेता था, कांग्रेस अध्यक्ष का भाई होना ही मेरी गलती

• कल इंदौर पुलिस ने हिरासत में लिया था


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस हिरासत में लेने का मामला तूल पकड़ता दिख रहा है। पार्टी इसे सियासी एंगल देने के मूड में है। शुक्रवार को जीतू और नाना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस कार्रवाई को राजनैतिक प्रतिशोध बताया है।


इस दौरान नाना पटवारी ने स्वीकार किया कि वे 3 साल पहले तक ड्रग्स का सेवन करते थे, लेकिन रिहैब सेंटर में इलाज के बाद उन्होंने नशा पूरी तरह छोड़ दिया है। वहीं, जीतू ने कहा- राज्य सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष को निशाना बना रही है। नाना का ड्रग तस्करी मामले से कोई संबंध नहीं है, फिर भी उन्हें हिरासत में लेकर परेशान किया गया।


दरअसल, इंदौर की राजेंद्र नगर पुलिस ने गुरुवार को नाना पटवारी को हिरासत में लिया था। पुलिस का दावा है कि ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ में नाना का नाम सामने आया था।


हालांकि, पूछताछ के बाद देर रात उन्हें छोड़ दिया गया था।फिलहाल, पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


मेरी गलती सिर्फ इतनी है कि जीतू का भाई हूं

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नाना पटवारी ने कहा कि उनकी गलती केवल इतनी है कि वे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई हैं। उन्होंने दावा किया कि ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों से उनका कोई संबंध या लेन-देन नहीं है।


नाना ने बताया कि वे अपनी कार की सर्विसिंग कराने गए थे, तभी पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई। थाने में उनसे केवल नाम पूछा गया और हिरासत में लेने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया। उनका आरोप है कि पुलिस पूरे दिन उन्हें शहर में इधर-उधर घुमाती रही और देर रात छोड़ दिया।


गाड़ी धुलने जाती थी, ड्रग्स से कोई संबंध नहीं

नाना पटवारी ने बताया कि उनकी गाड़ी संजय कौशल उर्फ रॉनी के सर्विस सेंटर में धुलती है। यहां गोलू भी काम करता है। पुलिस ने उनसे संजय कौशल और इरफान के बारे में पूछताछ की, जो कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और चुनाव में काम कर चुके हैं।


उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस स्कॉर्पियो वाहन की चर्चा हो रही है, वह संजय कौशल उर्फ रॉनी की है और उसमें मिले किसी भी सामान से उनका कोई संबंध नहीं है।

जीतू पटवारी बोले- राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक प्रतिशोध बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष को निशाना बना रही है। उनके भाई का किसी ड्रग्स तस्करी मामले से कोई संबंध नहीं है।


गुरुवार राजेन्द्र नगर थाने का घटनाक्रम... 


मादक पदार्थों के तस्करों के विरुद्ध पुलिस की प्रभावी कार्रवाई

पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा इरफान खान उर्फ गोलू चंदौरी एवं संजय कौशल उर्फ रॉनी भाई के कब्जे से 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर तथा एक काली स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक MP09 AR 0058) बरामद कर अपराध क्रमांक 544/26 पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।


पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे उक्त मादक पदार्थ नाना पटवारी उर्फ कुलभूषण पटवारी एवं मानव गंगवानी को देने जा रहे थे। उक्त दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


प्रकरण में पूछताछ एवं विवेचना जारी है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी कानून के प्रावधानों के अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here