Breaking

Your Ads Here

Monday, July 13, 2026

दीक्षोत्सव-2026 : "माँ-बेटी सम्मेलन" के तहत नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में दीक्षोत्सव-2026 के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत "माँ-बेटी सम्मेलन" के तहत छात्राओं के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में स्वस्थ जीवनशैली, अच्छी स्वास्थ्य आदतों, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज, मेरठ की प्रो. (डॉ.) अरुणा वर्मा एवं प्रो. (डॉ.) श्वेता शर्मा ने विश्वविद्यालय की छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।

विशेषज्ञों ने छात्राओं को एनीमिया से बचाव, संतुलित आहार, मासिक धर्म स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच, मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा महिलाओं से जुड़ी सामान्य बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयरन एवं कैल्शियम युक्त संतुलित भोजन, नियमित व्यायाम/योग, पर्याप्त नींद, स्वच्छता तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण से अनेक स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम की जा सकती है। छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान उचित स्वच्छता अपनाने, पोषण का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में बिना संकोच चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन में विश्वविद्यालय के पूर्व प्रति कुलपति प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. भूपेन्द्र राणा, शोध निदेशक प्रो. बीर पाल सिंह तथा प्रो. अलका तिवारी उपस्थित रहे । कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. वैशाली पाटिल एवं प्रो. सरू कुमारी ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर महिला स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। 

कार्यक्रम का आयोजन महिला अध्ययन केंद्र द्वारा लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के सहयोग से किया गया। शिविर के अंत में छात्राओं ने ऐसे जागरूकता शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ वंदना, डॉ मीनू तेवतिया, डॉ शालिनी , डॉ पूर्णिमा, यशिका, अंजू मालिक, कामिनी, रमिता चौधरी, निधि गर्ग आदि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here