> सहारनपुर रहा अव्वल, एकमात्र सहारनपुर क्षेत्र मे रिकार्ड 16628 शिकायतों का मौके पर समाधान
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रबन्ध निदेशक रवीश गुप्ता (आई०ए०एस०) के निर्देशन में स्मार्ट मीटर एवं बिल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए चलाया गया 45 दिवसीय विशेष बिल संशोधन अभियान, ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। 15 मई से 30 जून 2026 तक आयोजित इन विशेष बिल संशोधन कैम्पों मे, स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बिल संशोधन, मोबाइल नम्बर अपडेट, स्मार्ट मीटर ऐप एवं अन्य श्रेणी की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर, उपभोक्ताओं को त्वरित राहत प्रदान की गई।
इस अभियान के तहत डिस्कॉम के 14 जनपदों में कुल 171 कैम्पों का आयोजन किया गया, इन कैम्पों में उपभोक्ताओं की बिल संशोधन, मोबाइल नम्बर अपडेट, स्मार्ट मीटर ऐप संबंधी और अन्य विद्युत संबंधी सभी प्रकार की शिकायतों को, प्राथमिकता के आधार पर सुना गया और मौके पर ही निस्तारित किया गया। इन विशेष बिल संशोधन कैम्पों में 56571 शिकायतों का निस्तारण किया गया जिसमें सहारनपुर क्षेत्र 16628 निस्तारणों के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद मुरादाबाद क्षेत्र ने 11653 और मेरठ क्षेत्र द्वितीय द्वारा 5805 उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की। अन्य क्षेत्रों में बुलन्दशहर 5234, मुजफ्फरनगर 5309, गजरौला 4464, गाजियाबाद क्षेत्र प्रथम 1759, गाजियाबाद क्षेत्र द्वितीय 1801, गाजियाबाद क्षेत्र तृतीय 1352, नोएडा 1248 और मेरठ क्षेत्र प्रथम द्वारा 1066 शिकायतों का समाधान किया गया।
बिल संशोधन प्राप्त 12759 शिकायतों में से 12490 का निस्तारण किया गया, मोबाइल नम्बर अपडेट 16657 में से 16625 उपभोक्ताओं के मोबाइल नम्बर मौके पर ही अपडेट किए गए, स्मार्ट मीटर ऐप से जुडी 16290 शिकायतों में से 16254 का समाधान किया गया अन्य श्रेणी की 10865 में से 10495 शिकायतों का सफल निस्तारण किया गया। पश्चिमांचल डिस्कॉम भविष्य मे भी इस तरह के उपभोक्ता केन्द्रित अभियानों के माध्यम से त्वरित और पारदर्शी सेवा प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है।
No comments:
Post a Comment