Breaking

Your Ads Here

Tuesday, July 14, 2026

रोजगार मेले में 121 युवाओं का चयन, मौके पर मिले ऑफर लेटर



- विश्व युवा कौशल दिवस पर आईटीआई साकेत में लगा वृहद रोजगार मेला

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विश्व युवा कौशल दिवस पर मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) साकेत परिसर में आयोजित वृहद रोजगार मेले में 121 युवाओं को मौके पर ही नौकरी का ऑफर लेटर दिया गया। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, राजकीय आईटीआई मेरठ और सेवायोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में 334 प्रशिक्षित एवं अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। नौ निजी कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी की।


रोजगार मेले का शुभारंभ भाजपा के मेरठ जिलाध्यक्ष हरवीर पाल ने फीता काटकर किया। उन्होंने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और कंपनी प्रतिनिधियों से भर्ती प्रक्रिया व रोजगार के अवसरों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है। ऐसे रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कंपनियों से चयनित अभ्यर्थियों को समय पर नियुक्ति देने की अपील की। मेले में सुमति इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, नवनीत एंटरप्राइजेज सहित नौ निजी कंपनियों ने भाग लिया। विभिन्न ट्रेडों के 334 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर 121 अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें मौके पर ही ऑफर लेटर सौंपे गए। चयनित युवाओं ने रोजगार मिलने पर खुशी जताई। मुख्य अतिथि ने चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जो युवा स्वयं का उद्यम स्थापित करना चाहते हैं, वे प्रदेश सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी तक सीमित न रहकर भविष्य में दूसरों को भी रोजगार देने वाला उद्यमी बनने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में उपायुक्त एनआरएलएम अन्नय मिश्रा, जिला सेवायोजन अधिकारी सचिन कुमार सिंह, राजकीय आईटीआई साकेत के नोडल प्रधानाचार्य संजीव कुमार तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हस्तिनापुर के प्रधानाचार्य महेश चंद्र सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। नोडल प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने संस्थान में संचालित कौशल विकास एवं रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी। जिला सेवायोजन अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों से समय पर ज्वाइन करने और अपने कौशल का बेहतर उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन कुलदीप और मोनिका मित्तल ने किया। रोजगार मेले के सफल आयोजन में ईश्वर चंद, अश्वनी कुमार, गजेंद्र कुमार, श्रेष्ठ तुली, कुलदीप सिंह, विनय गौतम, प्रियंका, संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here