नित्य संदेश ब्यूरो
गजरौला। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंकटेश्वरा संस्थान, वी0जी0आई0 मेरठ एवं वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त तत्वावधान में “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’’ के अन्तर्गत “वृहद वृक्षारोपण समारोह एवं पर्यावरण जागरूकता रैली’’ का शानदार आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण के साथ “पाॅलिथीन मुक्त भारत’’ बनाने में सभी से अपना प्रभावी योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरी ने कहा कि हम सब मिलकर शपथ लेते है कि सभी सामाजिक आयोजन जैसे जन्मदिन, शादी की सालगिरह, नामकरण, संस्कार आदि शुभावसरों पर एक दूसरे को उपहार के रूप में पौधे भेंटकर आदरणीय प्रधानमंत्री जी “क्लीन इंडिया-ग्रीन इंडिया’’ के सपने को साकार करने में अपना प्रभावी योगदान देकर राष्ट्र विकास में अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे।
अतिथि आई0ए0एस0 बलकार सिंह ने कहा कि एक दिन में 35 करोड़ वृक्षारोपण दुनिया की अब तक की सबसे बड़ी हरित क्रांति है। इस अवसर पर “प्लास्टिक प्रदूषण हटाओ- पर्यावरण बचाओ’’ विषय पर आयोजित संगौष्ठी को सम्बोधित करते हुए अन्तर्राष्ट्रीय प्रेरक वक्ता एवं विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डाॅ0 राजीव त्यागी ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग एवं तेजी से जलवायु परिवर्तन का एकमात्र कारण यह है कि आज पढ़े-लिखे समृद्ध लोग भी प्रकृति से दूर होते जा रहे है। हम सभी को मिलकर प्रकृति संरक्षण एवं संवर्धन के लिए काम करना होगा तभी “विनाश’’ के बिना “विकास’’ संभव है। इसके साथ ही हमें प्लास्टिक को अपने दैनिक जीवन से बिल्कुल खत्म करना होगा, तभी यह धरा सुरक्षित रहेगी। कुलपति प्रो0 कृष्ण कान्त दवे ने कहा कि संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी पूरे जुलाई माह लगातार वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करेंगे।

No comments:
Post a Comment