इकराम चौधरी
नित्य संदेश, मेरठ। सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) उत्तर प्रदेश द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से 17 जून को मुन्शी खान बिल्डिंग, गढ़ रोड, किठौर, जनपद मेरठ में पार्टी के नए कैम्प कार्यालय का शुभारंभ किया गया।
कैम्प कार्यालय का उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुहम्मद शफी ने पार्टी का ध्वज फहराकर एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रियाज़ फरंगीपेट, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अब्दुल सत्तार, राष्ट्रीय सचिव रशीद ओमारी, उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष निज़ामुद्दीन ख़ान, प्रदेश उपाध्यक्ष रिफाकत चौधरी सहित प्रदेश कार्यकारिणी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष रिफाकत चौधरी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के बढ़ते जनाधार और संगठनात्मक विस्तार को देखते हुए इस कैम्प कार्यालय की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब इस कार्यालय के माध्यम से मेरठ मंडल सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी की गतिविधियों का बेहतर समन्वय हो सकेगा तथा कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह कार्यालय केवल प्रशासनिक केंद्र नहीं होगा, बल्कि सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों, लोकतंत्र, भाईचारे और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं का एक सक्रिय केंद्र बनेगा। यहां से सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार, जनसंपर्क कार्यक्रम, प्रशिक्षण शिविर, जनसमस्याओं के समाधान तथा विभिन्न जनआंदोलनों की रणनीति तैयार की जाएगी। रिफाकत चौधरी ने आगे कहा कि सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया प्रदेश के प्रत्येक वर्ग—किसान, मजदूर, युवा, छात्र, महिलाएं, व्यापारी तथा समाज के वंचित और कमजोर तबकों की आवाज़ को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए कैम्प कार्यालय के संचालन से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी का संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा जनता के बीच पार्टी की पहुंच और प्रभाव में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें तथा जनसेवा के माध्यम से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।

No comments:
Post a Comment