Breaking

Your Ads Here

Monday, June 29, 2026

स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत स्वच्छता एवं हरित परिसर निर्माण कार्यक्रम का आयोजन

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा राजनीति विज्ञान विभाग के परिसर में कुलपति प्रोफ़ेसर संगीता शुक्ला के निर्देशानुसार स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक उत्तरदायित्व पर केंद्रित स्वच्छता एवं हरित परिसर निर्माण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरणीय संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता का संवर्धन करना, परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने की सामूहिक चेतना विकसित करना तथा समाज में स्वच्छता संबंधी सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वच्छता के लिए स्वच्छता के संकल्प के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विभाग परिसर की साफ-सफाई की। विभाग के आसपास फैले कूड़े-कचरे को हटाया गया तथा प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों का उचित निस्तारण किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ श्रमदान कर यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक प्रोफेसर संजीव कुमार शर्मा जी एवं संकाय अध्यक्ष कला प्रोफेसर अतवीर सिंह रहे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. अतवीर सिंह, संकायाध्यक्ष, कला संकाय, ने अपने उद्बोधन में भारतीय सांस्कृतिक परंपरा एवं गांधीवादी दर्शन में स्वच्छता के दार्शनिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को जन-आंदोलन के रूप में विकसित करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. मुनेश कुमार, सहायक आचार्य एवं सह विभाग अध्यक्ष राजनीति विज्ञान विभाग ने "स्वच्छता, सुशासन और नागरिक उत्तरदायित्व: एक राजनीतिक परिप्रेक्ष्य" विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने स्वच्छता एवं सुशासन के अंतर्संबंधों का विश्लेषण करते हुए भारतीय संविधान में निहित नागरिकों के मूल कर्तव्यों, पर्यावरण संरक्षण की संवैधानिक अवधारणा, स्वच्छ भारत मिशन के नीतिगत एवं प्रशासनिक आयामों तथा सतत विकास लक्ष्य-6 (स्वच्छ जल एवं स्वच्छता) की समकालीन प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक डॉ जयवीर सिंह, डॉ. सुषमा रामपाल, डॉ. देवेंद्र, डॉ. चंचल,ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक एवं प्रेरणादायी भाग विभाग में "ग्रीन कॉर्नर" का निर्माण रहा। विद्यार्थियों ने सामूहिक प्रयास से विभाग के एक निर्धारित स्थान को सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल स्वरूप प्रदान किया। इस ग्रीन कॉर्नर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए। पौधों के चारों ओर स्वच्छता बनाए रखने की व्यवस्था की गई तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित प्रेरक संदेश भी प्रदर्शित किए गए। विद्यार्थियों ने इस हरित क्षेत्र की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। इस पहल का उद्देश्य केवल विभाग की सुंदरता बढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को विकसित करना भी था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. सुषमा रामपाल ने कहा कि "स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि एक सशक्त सामाजिक आंदोलन है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, अपने कार्यस्थल और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो पूरा समाज स्वच्छ और स्वस्थ बन सकता है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि ऐसे संस्कार विकसित करना भी है जो समाज को बेहतर दिशा प्रदान करें। 

विद्यार्थियों को अपने व्यवहार से समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना चाहिए।" उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए ग्रीन कॉर्नर की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और विभाग की पर्यावरणीय पहचान को भी सुदृढ़ करेगी। इस अवसर पर विभाग के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभाग परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। प्रतिभागियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम के दौरान विभाग के शिक्षकों ने स्वच्छता के सामाजिक, पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में इसके प्रति जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा स्वच्छ एवं सुंदर परिसर के निर्माण हेतु निरंतर सहयोग देने के संकल्प के साथ हुआ।

 

 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here