Breaking

Your Ads Here

Sunday, June 28, 2026

योगी सरकार का किसानों को बड़ा तोहफा, निशुल्क बीज और सब्सिडी से बढ़ेगा खेती का मुनाफा




- मेरठ समेत प्रदेशभर में खरीफ सीजन के लिए धान, दलहन व मिलेट्स के बीज उपलब्ध

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रदेश की योगी सरकार की ओर से हर वाजिब सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रदेश भर में किसान इन दिनों अपनी अगली फसल की तैयारी में जुटे हैं। बेहतर फसल उत्पादन के लिए किसानों को सरकार की ओर से निशुल्क बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही खरीफ की फसल से संबंधित विभिन्न फसलों के बेहतर गुणवत्ता वाले बीज सब्सिडी योजना पर भी प्रदान किए जा रहे हैं।

खरीफ फसल के सीजन में किसान बड़ी  संख्या में धान, मक्का, ज्वार, बाजरा आदि की खेती करते हैं। इसके साथ ही जिले के किसान दलहनी फसलों में मूंग, उरद अरहर और मूंगफली जैसी फसलों को प्राथमिकता देते हैं। इन फसलों की पिछेती बुवाई का सीजन चलने के कारण किसान इन दिनों उन्नत किस्म के बीज की तलाश में लगे हुए हैं। किसानों की समस्या का समाधान करने के लिए प्रदेश सरकार के निर्देश पर कृषि विभाग कई फसलों के दो तरह के बीज किसानों को उपलब्ध करा रहा है। जिला कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार कुछ बीजों को सब्सिडी योजना के तहत तो कुछ को पूरी तरह से निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। विभाग की तरफ से धान, मूंग, अरहर और उरद के सामान्य बीज भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन बीजों पर 50 फीसदी अनुदान राशि प्रदान की जा रही है।

प्रदेश सरकार की ओर से बीज वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल बनाया गया है। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार बीज की बुकिंग पोर्टल पर करा सकते हैं। सरकार के निर्देशों के तहत यदि किसी ब्लॉक में लक्ष्य की तुलना में अधिक बुकिंग की जाती है तो फिर ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों को चयनित किया जाएगा। चयनित किसानों को निकटवर्ती बीज भंडार से बीज प्रदान किया जाएगा। एक किसान को अधिकतम दो हेक्टेयर तक खेती के लिए ही बीज प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा मिलेट्स को बढ़ावा देने के लिए सरकार सांबा, कोदो, रागी, बाजरा और ज्वार की मिनी कीट्स किसानों को निःशुल्क प्रदान कर रही है।

कृषि अधिकारी राजीव कुमार के अनुसार, मेरठ में इन दिनों धान एक मुख्य फसल है, जिसका क्षेत्रफल लगभग 13 हजार हेक्टेयर है। इस क्षेत्रफल के लगभग 95 फीसदी हिस्से में धान उगाए जाते है। कृषि विभाग की तरफ से धान की विभिन्न वैरायटी जैसे पूसा बासमती की वैरायटी 1692, 1847, 1718 और 1509 के साथ ही बासमती का बीज भी किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here