इंदौर। जनसंघ के संस्थापक डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 वीं जयंती संस्मरण कार्यक्रम के अंतर्गत 28 जून को होने वाले डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम एवं मन की बात कार्यक्रम को लेकर इंदौर- उज्जैन- मंदसौर और निमाड़ संभाग की वर्चुअल बैठक को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद जी ने भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके संकल्पों को पूरा करते हुए देश से धारा 370 के दंश को समाप्त किया। कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर उनके संस्मरणों के साथ डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के माध्यम से प्रशिक्षण लेकर डॉ मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें।
मध्यप्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू कश्मीर में कोटा परमिट सिस्टम के विरोध में एक देश में दो विधान- दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे का नारा देकर भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना बलिदान दिया। 06 जुलाई को डॉ मुखर्जी की 125 वीं जन्म जयंती है, संगठन इसे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 वीं जयंती वर्ष के रूप में मना रहा है। कार्यकर्ता अपने अपने प्रभार वाले मंडल, शक्ति केन्द्रों पर प्रवास कर डॉ मुखर्जी के संस्मरणों को मतदान केंद्रों पर उतारने का काम करे।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा 28 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात शत प्रतिशत मतदान केंद्रों पर हो इसकी कार्ययोजना तैयार करें। जो जिला 100 प्रतिशत बूथों पर मन की बात कार्यक्रम कर पाएगा और संगठन एप पर उसका फीडबैक देगा, वह जिला आदर्श जिला कहलायेगा। 28 जून को ही हमें बूथों पर डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के माध्यम से बूथ के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण होना है, प्रत्येक बूथ की सूची तैयार हो जाए, कौन वक्ता कार्यकर्ता बूथ पर जाएगा इसकी रचना तैयार करें। मप्र के कार्यकर्ताओं ने बूथ सशक्तिकरण अभियान, प्रशिक्षण वर्ग महा अभियान को सफलता पूर्वक पूरा किया था, उसी तरह डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम को भी 100 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर पूरा करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव, मध्यप्रदेश संगठन प्रभारी महेंद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मार्गदर्शन दिया। बैठक में संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, नगर प्रभारी राजेश सोलंकी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल टोली के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment