नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की साहित्य संस्कृति परिषद द्वारा दीक्षात्सव तत्वावधान में शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा पुरुष एवं महिला वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला द्वारा टॉस उछालकर किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उस समय रहा जब कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला स्वयं खिलाड़ियों के बीच मैदान में उतरीं और कबड्डी खेलकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कुलपति को अपने साथ खेलते देखकर खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने कहा कि कुलपति के साथ कबड्डी खेलना उनके लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा और इससे उन्हें खेलों के प्रति नई प्रेरणा मिली। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की दो तथा महिला वर्ग की दो टीमों ने प्रतिभाग किया। सभी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का विकास होता है, जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक गुण हैं। उन्होंने कहा कि कबड्डी भारत की समृद्ध खेल परंपरा का गौरवशाली हिस्सा है। यह खेल साहस, रणनीति, त्वरित निर्णय क्षमता और सामूहिक समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
कुलपति ने कहा कि मैदान में उतरकर खिलाड़ियों के साथ खेलना उनके लिए भी एक सुखद अनुभव रहा। विद्यार्थियों का उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहेगा ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम में प्रो. नीलू जैन, प्रो. के.के. शर्मा, डॉ. गुलाब सिंह, कार्यक्रम संयोजक एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के समन्वयक डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. डी.डी. यादव, डॉ. वर्षा गौतम, कबड्डी कोच मनोज कनौजिया एवं अंकुश कुमार प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
पुरुष वर्ग विजेता टीम
आदित्य वर्मा, हर्षित कुमार, नक्षत्र, तनीश बेगमल, विशाल चौधरी, वर्षित, अभय चौधरी, विश्वा तलियान एवं आर्यन
पुरुष वर्ग उपविजेता टीम
कृष, कुलदीप, तनिष्क, हर्ष, प्रशांत पाल, तनीष एवं हर्षित
महिला वर्ग विजेता टीम
निक्की, स्नेहा, अंकिता, निधि, रूचि, खुशबू ढाका एवं तेजल पालीवाल
महिला वर्ग उपविजेता टीम
अनुप्रिया, प्राची, अंचल, शीतल, नेहा, अनिष्का, तन्नु, आयुषि एवं आयुषी त्यागी

No comments:
Post a Comment