नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय द्वारा कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से संचालित "महिला योग जागृति अभियान" के अंतर्गत जिला कारागार, मेरठ की महिला बैरक में महिला बंदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन हेतु विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा किया गया। योग सत्र का उद्देश्य महिला बंदियों के जीवन में सकारात्मकता, मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था। योग प्रशिक्षक राखी सिंह ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास कराते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला कारागार के जेलर श्री हरभंश पांडेय एवं डेप्युटी जेलर गीतिका भारद्वाजजी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे इस सामाजिक एवं स्वास्थ्यपरक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर डॉ. अंजू मलिक तथा विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं की भी सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का सफल आयोजन एवं समन्वयन डॉ. वैशाली पाटिल, प्राचार्य, फार्मेसी द्वारा किया गया।
कारागार प्रशासन ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के इस सराहनीय प्रयास तथा कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के समाजोपयोगी एवं जनकल्याणकारी दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे ऐसे कार्य समाज के विभिन्न वर्गों तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने में सहायक हैं। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment