इकराम चौधरी
नित्य संदेश, मेरठ। जनपद के ग्राम बोंद्रा में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सड़क किनारे कराए गए सीमेंट टाइल्स निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री और लापरवाही बरती गई, जिसके चलते सड़क किनारे बिछाई गईं सीमेंट टाइल्स कुछ ही समय में उखड़कर नालियों में गिरने लगी हैं। इससे सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप भी तेज हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस उद्देश्य से सड़क किनारे टाइल्स लगाई गई थीं, वह उद्देश्य पूरा होने से पहले ही निर्माण कार्य की पोल खुल गई। कई स्थानों पर टाइल्स अपनी जगह से निकल चुकी हैं, जबकि कुछ जगहों पर वे पूरी तरह टूटकर नालियों में समा गई हैं। इससे न केवल सड़क की सुंदरता प्रभावित हुई है, बल्कि राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई और ठेकेदार ने जल्दबाजी में काम पूरा कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होता तो टाइल्स इतनी जल्दी नहीं उखड़तीं।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने, संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त टाइल्स को उच्च गुणवत्ता के साथ दोबारा लगवाने की मांग की है। उनका कहना है कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
अब देखना यह होगा कि लोक निर्माण विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और दोषियों पर कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत दिलाता है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों तक ही सीमित रह जाएगा।
No comments:
Post a Comment