Breaking

Your Ads Here

Wednesday, June 17, 2026

केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस में योग एवं वेलनेस जागरूकता सत्र आयोजित


योग से स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मकता का संदेश 


नित्य संदेश ब्यूरो 

 

 मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस द्वारा एक विशेष योग एवं वेलनेस जागरूकता सत्र का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन तथा सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।


यह आयोजन कॉलेज के डीन प्रो. (डॉ.) आर.के. जैन के संरक्षण में विश्वविद्यालय के योग हॉल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सतवान सिंह ने सत्र का सफल संचालन करते हुए योग विशेषज्ञ डॉ. स्मृति श्रीवास्तव को आमंत्रित किया, जिन्होंने अपनी छात्राओं सुश्री कृतिका, सुश्री सोमाश्री एवं डॉ. मुस्कान के साथ मिलकर प्रतिभागियों को योग एवं वेलनेस की विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।


कार्यक्रम की शुरुआत योग और स्वस्थ जीवन शैली पर केंद्रित एक प्रेरणादायक परिचर्चा से हुई, जिसमें विशेषज्ञों ने योग को केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और समग्र स्वास्थ्य प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यस्त एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है।


सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान, स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज तथा वेलनेस तकनीकों का अभ्यास कराया गया। विशेषज्ञों ने सही श्वास तकनीकों और नियमित योगाभ्यास के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि योग न केवल रोगों से बचाव में सहायक है, बल्कि व्यक्ति के आत्मविश्वास, एकाग्रता और कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है।  इस अवसर पर केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस के संकाय सदस्यों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और योग गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने योग के विभिन्न आयामों को समझते हुए इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया।


सत्र के समापन पर दीर्घकालिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवनशैली के लिए योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने पर विशेष चर्चा की गई। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए इसकी सराहना की। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य एवं वेलनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि प्रतिभागियों को एक संतुलित, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की दिशा में प्रेरित करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास भी सिद्ध हुआ।


No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here