उन्नत भारत प्रकोष्ठ ने साइक्लिंग और रनिंग से जगाई स्वास्थ्य चेतना
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के उन्नत भारत प्रकोष्ठ द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत गोद लिए गए ग्राम –पेपला,भोला रोड, मेरठ में स्वास्थ्य जागरूकता एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिलिंग एवं रनिंग गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें “फिट इंडिया, स्ट्रांग इंडिया” अभियान से जोड़ना था। कार्यक्रम में ग्रामीण युवाओं, महिलाओं एवं अन्य ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और उत्साहपूर्वक दौड़ एवं साइक्लिंग गतिविधियों में सहभागिता करते हुए स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान फिटनेस के प्रति जागरूकता और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
इस कार्यक्रम का संचालन उन्नत भारत प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. शशिराज तेवतिया के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्री अनिल कुमार जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को नियमित व्यायाम, खेलकूद तथा सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत और विकसित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त एवं स्वास्थ्य-केंद्रित जीवनशैली अपनाने का भी आह्वान किया।
अपने संबोधन में डॉ. शशिराज तेवतिया ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन किसी भी समृद्ध समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने बताया कि फिट इंडिया मूवमेंट केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जन-जन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का राष्ट्रीय प्रयास है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक जीवन में नियमित व्यायाम, दौड़, साइक्लिंग एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों को शामिल करें, जिससे वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।
डॉ. तेवतिया ने यह भी बताया कि स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय का उन्नत भारत प्रकोष्ठ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा एवं सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे प्रयासों के माध्यम से ग्रामीण समुदाय को सशक्त बनाने का कार्य जारी रहेगा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, साइक्लिंग, दौड़ एवं अन्य फिटनेस गतिविधियों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी फिट इंडिया अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं युवाओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही एक सशक्त और स्वस्थ भारत के निर्माण की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।

No comments:
Post a Comment