Breaking

Your Ads Here

Sunday, June 14, 2026

आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा सामुदायिक भवन में गूंजा हनुमान चालीसा का पाठ, उमड़ा भक्तों का जनसैलाब


शरद त्रिपाठी 
नित्य संदेश, मेरठ। मंगल पांडे नगर स्थित सामुदायिक भवन में रविवार को आर्ट ऑफ लिविंग के तत्वावधान में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर सामूहिक 'एकादश हनुमान चालीसा' के 11 पाठों का भव्य आयोजन किया गया। भक्ति भाव से सराबोर इस कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने सपरिवार सम्मिलित होकर हनुमान के चरणों में अपनी हाजिरी लगाई और पुण्य लाभ कमाया।

दोपहर 3:30 बजे से शुरू हुए इस सामूहिक पाठ से पूरा परिसर बजरंगबली के जयकारों और चालीसा की चौपाइयों से गुंजायमान हो उठा। सामूहिक रूप से किए गए 11 पाठों के दौरान वहां मौजूद हर भक्त भक्ति के अनूठे रंग में रंगा नजर आया। पाठ की पूर्णता के बाद सभी श्रद्धालुओं ने पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी का 'राम गाइडेड मेडिटेशन' (ध्यान) भी किया। इस ध्यान के माध्यम से भक्तों ने गहरी मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। इसके बाद महाआरती कर देश और समाज के कल्याण की कामना की गई।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. सपना अग्रवाल ने 'महिला शक्ति संगठन' का विशेष रूप से आभार और धन्यवाद व्यक्त किया, जिन्होंने इस आयोजन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कार्यक्रम में सम्मिलित होकर इसे भव्य व दिव्य बनाया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के ऐसे प्रयासों से ही हमारी सनातन संस्कृति और धार्मिक संस्कार जीवित हैं। इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में स्थानीय निवासियों और आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here