Breaking

Your Ads Here

Thursday, June 11, 2026

महिला अध्ययन केंद्र द्वारा छात्रावास में योग एवं ध्यान शिविर का आयोजन, छात्राओं और महिला कर्मचारियों को स्वस्थ जीवन का संदेश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के रानी लक्ष्मीबाई बालिका छात्रावास में महिला अध्ययन केंद्र के तत्वावधान में योग एवं ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से दीक्षोत्सव–2026 के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य विश्वविद्यालय की छात्राओं एवं महिला कर्मचारियों को बेहतर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं एवं महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर के दौरान योगाचार्या राखी सिंह ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ एवं सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर एकाग्रता, आत्मविश्वास तथा सकारात्मक सोच का भी विकास करता है। योगाचार्या ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित अनेक सरल एवं प्रभावी योगासनों का अभ्यास कराते हुए उनके वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही ध्यान एवं श्वास-प्रश्वास की विभिन्न तकनीकों के माध्यम से मानसिक संतुलन बनाए रखने और दैनिक जीवन में तनाव प्रबंधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।


महिला अध्ययन केंद्र द्वारा आयोजित यह पहल कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की उस सोच को साकार करती है, जिसके अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में छात्राओं एवं महिला कर्मचारियों के समग्र स्वास्थ्य, कल्याण एवं व्यक्तित्व विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। दीक्षोत्सव–2026 के उद्देश्यों के अनुरूप ऐसे कार्यक्रम स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग एवं ध्यान को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here