Breaking

Your Ads Here

Thursday, June 11, 2026

मेडिकल कॉलेज के वार्षिक शैक्षणिक सम्मेलन मेडनोवा 2026 के प्रथम दिवस पर आयोजित हुई विभिन्न गतिविधियां

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मेडिकल कॉलेज के वार्षिक शैक्षणिक उत्सव मेडनोवा 2026 का प्रथम दिवस उत्साह, ज्ञानवर्धक गतिविधियों एवं प्रेरणादायक आयोजनों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ  द्वीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसमें चिकित्सा जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. शरद कुमार अग्रवाल (मुख्य संरक्षक, आईएमए उत्तर प्रदेश एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, आईएमए मुख्यालय), डॉ. राजीव गोयल (राज्य अध्यक्ष, आईएमए उत्तर प्रदेश), डॉ. आशीष अग्रवाल (मानद राज्य सचिव, आईएमए उत्तर प्रदेश), डॉ. वाणी पुरी (मानद वित्त सचिव, आईएमए उत्तर प्रदेश), डॉ. शलभ गुप्ता (पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, आईएमए एमएसएन एवं राज्य अध्यक्ष, आईएमए एमएसएन उत्तर प्रदेश), डॉ. मनीषा त्यागी (अध्यक्ष, आईएमए मेरठ), डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक (उप-प्राचार्य, एल.एल.आर.एम. मेडिकल कॉलेज), डॉ. संदीप जैन (निदेशक, सीजीपी) तथा डॉ. विकास त्यागी (सचिव, आईएमए मेरठ) उपस्थित रहे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. ज्ञानेश्वर टोंक ने विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के साथ नेतृत्व, अनुसंधान एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उत्कृष्ट चिकित्सक बनने के लिए प्रेरित किया। डॉ. शरद कुमार अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायक एवं अनुभवपूर्ण संबोधन में विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में समर्पण, अनुशासन और निरंतर सीखते रहने की भावना को अपनाने का संदेश दिया। अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


मेडनोवा 2026 के अंतर्गत आयोजित विशेष अतिथि व्याख्यान में वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ एवं न्यूटिमा हॉस्पिटल, मेरठ के प्रसिद्ध नवजात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित उपाध्याय ने “Navigating Life Through MBBS” विषय पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने एमबीबीएस जीवन की चुनौतियों, अवसरों तथा व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक विकास के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। प्रतियोगितात्मक आयोजनों के अंतर्गत यूथ पार्लियामेंट के प्रथम दिवस का सफल आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली तर्क, नेतृत्व क्षमता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने अपनी सक्रिय सहभागिता और तार्किक दृष्टिकोण से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।


क्लिनिकल सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ नेहा सिंह ने बताया कि मेडनोवा 2026 में फॉरेंसिक पढ़ाई को रोचक बनाने हेतु एक अन्य प्रमुख आकर्षण मर्डर मिस्ट्री रूम बनाया गया है, जिसमें प्रतिभागियों ने टीमवर्क, विश्लेषणात्मक सोच और समस्या-समाधान कौशल का परिचय देते हुए विभिन्न सुरागों के आधार पर रहस्य को सुलझाने का प्रयास किया।


दिन के समापन पर दो महत्वपूर्ण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। बुनियादी जीवन रक्षक एवं आपातकालीन सहायता कार्यशाला में विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक तकनीकों, सीपीआर तथा प्राथमिक चिकित्सा से संबंधित महत्वपूर्ण व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। वहीं प्रसूति एवं स्त्री रोग कार्यशाला में विद्यार्थियों को प्रसूति एवं स्त्री रोग विज्ञान से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं, उपकरणों एवं क्लिनिकल कौशलों की व्यावहारिक जानकारी दी गई। ज्ञान, कौशल, नेतृत्व और नवाचार से परिपूर्ण मेडनोवा 2026 का प्रथम दिवस अत्यंत सफल रहा। उक्त आयोजन में डॉ गौरव गुप्ता, डॉ आभा गुप्ता, डॉ ललिता चौधरी, डॉ प्रीति राठी, डॉ लोकेश कुमार सिंह, डॉ स्नेहलता वर्मा, डॉ नीरज मसंद, डॉ राहुल सिंह एवं  विद्यार्थीगण आदि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here