नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में वरिष्ठ शिक्षाविद प्रोफेसर संजीव कुमार शर्मा के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह अत्यंत गरिमामय एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षा, प्रशासन एवं सार्वजनिक जीवन से जुड़े अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपति तथा पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल सहित अनेक शिक्षाविदों, प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
सबसे पहले प्रो संजीव शर्मा के जीवन पर प्रो प्रशांत कुमार द्वारा निर्मित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया |
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने प्रो. संजीव कुमार शर्मा के दीर्घ एवं उल्लेखनीय शैक्षणिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने ज्ञान, कार्यनिष्ठा, प्रशासनिक दक्षता और सौम्य व्यक्तित्व से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वक्ताओं ने कहा कि प्रो. शर्मा ने शिक्षा, शोध, प्रशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य किया तथा अपने सहयोगियों और विद्यार्थियों के बीच एक प्रेरणास्रोत के रूप में प्रतिष्ठित रहे।
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि प्रो. शर्मा का योगदान विश्वविद्यालय परिवार के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने उनके अनुशासित कार्यशैली, शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा संस्थान के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की कामना की। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय तथा महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपतियों ने अपने उद्बोधन में प्रो. शर्मा को उच्च शिक्षा जगत की एक प्रतिष्ठित एवं प्रेरणादायी हस्ती बताते हुए कहा कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है।
पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने शिक्षा को समाज निर्माण का प्रभावी माध्यम बनाते हुए विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, राष्ट्रभावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षकों का जीवन समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहता है।
अपने धन्यवाद संबोधन में प्रो. संजीव कुमार शर्मा ने विश्वविद्यालय परिवार, सहकर्मियों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के प्रति आत्मीय आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जुड़ी स्मृतियाँ उनके जीवन की सबसे मूल्यवान धरोहर रहेंगी। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता, शोध की उत्कृष्टता तथा मानवीय मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में प्रो. संजीव कुमार शर्मा को स्मृति-चिह्न, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी अतिथियों ने उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की मंगलकामनाएँ व्यक्त करते हुए उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी | इस अवसर पर अनेक विश्वविद्यालयो के प्राध्यापक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे | जिनमे मुख्य रूप से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के प्रो विकास सेमवाल, दंत्तोपन्त ठेंगड़ी शोध संस्थान, भोपाल के निदेशक प्रो मुकेश मिश्रा, प्रो अतवीर सिंह, प्रो मुकेश शर्मा, प्रो शैलेन्द्र शर्मा, प्रो के के शर्मा, प्रो शिवराज सिंह, प्रो अलका तिवारी आदि उपस्थित रहे |
No comments:
Post a Comment