Breaking

Your Ads Here

Saturday, June 27, 2026

वेलकम टू द जंगल के अभिनेता ने इंदौर में साझा किए बॉलीवुड सफर के अनुभव, कहा - यह तो अभी शुरुआत हैं


• सपनों को सच करने के लिए संघर्ष से कभी मत घबराइए" आदित्य सिंह

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। बॉलीवुड की मल्टीस्टारर फिल्म "वेलकम टू द जंगल" से बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाने वाले इंदौर के युवा अभिनेता आदित्य सिंह ने शनिवार को अपने गृह नगर इंदौर में मीडिया से रूबरू होकर अपनी संघर्षपूर्ण अभिनय यात्रा, फिल्म के अनुभव और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर खुलकर बातचीत की।


आदित्य सिंह ने कहा कि इंदौर ने उन्हें संस्कार, आत्मविश्वास और बड़े सपने देखने की प्रेरणा दी। डेली कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद वे महज 18 वर्ष की उम्र में अभिनेता बनने का सपना लेकर मुंबई पहुंचे। शुरुआती दौर आसान नहीं था, लेकिन लगातार मेहनत, धैर्य और खुद पर विश्वास ने उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया।


उन्होंने बताया कि "वेलकम टू द जंगल" जैसी बड़ी फिल्म में काम करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें अक्षय कुमार, परेश रावल, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, जॉनी लीवर और राजपाल यादव जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ काम करने और उनसे बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इतने अनुभवी कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा करना उनके अभिनय करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है।


आदित्य ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, गुरुओं और दिवंगत अभिनेता, लेखक एवं निर्देशक नीरज वोरा को दिया। उन्होंने कहा कि नीरज वोरा ने शुरुआती दिनों में उनकी प्रतिभा को पहचाना और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए आदित्य सिंह ने कहा कि वे अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दर्शकों का प्यार और आशीर्वाद उन्हें आगे भी मिलता रहेगा।


मीडिया से बातचीत के दौरान आदित्य ने इंदौर के युवाओं से कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा, "संघर्ष हर सफलता का हिस्सा है। कभी हार मत मानिए, मेहनत करते रहिए, सफलता जरूर मिलेगी।"

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here