Breaking

Your Ads Here

Saturday, June 27, 2026

गंगा, काली, हिंडन नदी एवं तालाबों के किनारे प्रमुख रूप से होगा पौधरोपण: जिलाधिकारी

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डाॅ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला वृक्षारोपण समिति, जिला वेटलैंड समिति तथा जिला पर्यावरण समिति की बैठक आहूत की गयी। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद में पक्षियों के प्राकृतिक प्रवास हेतु वेटलैंडो के संरक्षण तथा नवीन वेटलैंड को चिह्नित करने के लिए सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी द्वारा जिला पंचायत राज अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए कि गंगा किनारे गठित ग्राम गंगा समितियां की मासिक समीक्षा बैठक नियमित रूप से आयोजित कराए तथा गंगा किनारे किसी भी प्रकार की समस्या को बैठक के माध्यम से जिला स्तर पर जिला गंगा समिति के समक्ष प्रस्तुत कराएं।

बैठक में जनपद में संचालित समस्त सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाले शोधित जल को पुनः उपयोग करने के कार्ययोजना जिला गंगा समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए निर्देश दिए गए। गंगा किनारे ग्रामों में गंगा वाटिका स्थापना करने के लिए जिलाधिकारी द्वारा निर्देश जारी किए गए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आगामी महावृक्षारोपण अभियान से सबंधित बिन्दुवार समीक्षा की गयी  और सभी को निर्देशित किया गया कि इस वर्ष वृक्षारोपण अभियान के तहत मॉडल साइट व माननीय जनप्रतिनिधियों के पौधारोपाण के लिए विशेष स्थलों का चयन करें । जिलाधिकारी ने सभी को निर्देश दिए कि स्थलों के अनुसार पौधे को चिन्हित करके रोपित किया जाये और समस्त रोपित पौधों की शत प्रतिशत जीवितता सुनिश्चित की जाये।

जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण विभाग को निर्देश दिए कि माननीय समस्त न्यायालयों में चल रहे जनपद के वादों का ससमय उत्तर दाखिल किया जाये। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा समस्त उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगभग 100 सहजन के पौधों का वितरण किया गया और सभी को पौधे की देखभाल करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, डीएफओ वंदना फोगाट, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे तुषार गुप्ता, जिला पंचायती राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, समस्त खंड विकास अधिकारी जनपद मेरठ, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here