Breaking

Your Ads Here

Saturday, June 27, 2026

संगीत से संवरेगा बच्चों का भविष्य: स्माइल फाउंडेशन और चिल्ड्रेन इन हार्मनी ने किया अपनी अनोखी पहल का विस्तार

नित्य संदेश ब्यूरो

नोएडा। वैश्विक स्तर पर संगीत शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाली गैर-लाभकारी संस्था 'चिल्ड्रेन इन हार्मनी' के सहयोग से 'स्माइल फाउंडेशन' अमानी प्रोजेक्ट के जरिए बच्चों और किशोरों को सशक्त बना रहा है। इस अनोखी पहल के तहत, संगीत के माध्यम से बच्चों का सामाजिक और भावानात्मक विकास किया जा रहा है। वर्ष 2018 में शुरू होने के बाद से इस कार्यक्रम ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के दस इलाकों में 435 बच्चों का जीवन सकारात्मक रूप से बदल दिया है। 

संगीत हम सबको जोड़ता है। यह एक ऐसी भावनात्मक भाषा है जो हर संस्कृति, आर्थिक स्थिति और भौगोलिक सीमाओं से परे है। जब बच्चों को संगीत बनाने का मौका मिलता है, तो वे अपनी भावनाओं को खुलकर सामने रख पाते हैं। इससे वे दूसरों के साथ एक मजबूत जुड़ाव बना पाते हैं। संगीत बनाने की इस पूरी प्रक्रिया से बच्चों को जीवन में कुछ बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। 'अमानी' का अर्थ है 'शांति'। यह प्रोजेक्ट 6 से 18 वर्ष के बच्चों के लिए काम करता है। इसमें संगीत के माध्यम से बच्चों के जीवन को संवारने का काम किया जाता है। यह प्रोजेक्ट बच्चों को अपने समाज में बराबरी और समानता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करता है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए संगीत और भावनात्मक समझ यानि इमोशनल इंटेलिजेंस का सहारा लिया जाता है। 

इस पहल का उद्देश्य अलग-अलग पृष्ठभूमि के बच्चों के बीच एक-दूसरे के लिए सहानुभूति बढ़ाना है। इसके अलावा बच्चों का स्वास्थ्य सुधारना, उनकी याददाश्त बढ़ाना और उनके भीतर बराबरी की भावना विकसित करना भी इस कार्यक्रम का उद्देश्य है। साथ ही, यह पहल बच्चों को सही निर्णय लेने के काबिल बनाने और अपने परिवार व दोस्तों के साथ मधुर संबंध बनाने में मदद करती है।" इस पहल पर बात करते हुए स्माइल फाउंडेशन के को-फाउंडर शांतनु मिश्र ने कहा: "आज के बच्चों को केवल किताबी पढ़ाई से कहीं ज्यादा की जरूरत है। उन्हें ऐसे सुरक्षित माहौल की ज़रूरत है जहां वे ख़ुद को समझ सकें, दूसरों से जुड़ सकें और पूरी आज़ादी व ज़िम्मेदारी के साथ अपनी बात कह सकें। 

अमानी प्रोजेक्ट यह दिखाता है कि संगीत में बच्चों के भीतर सहानुभूति, चुनौतियों से लड़ने की ताक़त और आत्मविश्वास जगाने की कितनी ताक़त है। चिल्ड्रेन इन हार्मनी के साथ हमारी यह साझेदारी युवाओं को जीवन के ज़रूरी हुनर सिखाने में मदद कर रही है। इससे वे अपने समाज में और बाहर भी एक संवेदनशील और आत्मविश्वासी इंसान बन सकेंगे।" अमानी प्रोजेक्ट बच्चों और किशोरों के समग्र विकास के लिए काम करने और उन्हें तेज़ी से बदलती दुनिया के लिए तैयार करने की दिशा में स्माइल फाउंडेशन के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here