Breaking

Your Ads Here

Monday, June 29, 2026

6 लाख युवाओं को कॅरियर की सही राह दिखाएगी योगी सरकार

• मेरठ जिले में 12400 छात्र-छात्राओं को दिया जाएगा विशेष मार्गदर्शन

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें बेहतर कॅरियर और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश भर के इंटर और स्नातक स्तर के छात्र-छात्राओं के लिए व्यापक कॅरियर काउंसिलिंग अभियान शुरू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और बदलते रोजगार बाजार के अनुरूप सही कॅरियर विकल्प चुनने में सहायता देना है।

युवाओं को कॅरियर की सही राह दिखाने के लिए प्रदेशभर के कॉलेजों में कुल 5,055 कॅरियर काउंसिलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के माध्यम से विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ 6,10,880 विद्यार्थियों तक पहुंचकर उन्हें करियर की संभावनाओं, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास और रोजगार के विभिन्न विकल्पों की जानकारी देंगे। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय मेरठ मंडल के अंतर्गत आने वाले कॉलेजों में 94 करियर काउंसिलिंग सत्र आयोजित करेगा। इन सत्रों के माध्यम से 12,400 छात्र-छात्राओं को विशेषज्ञों द्वारा भविष्य की योजनाओं, रोजगार के नए अवसरों और करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। शासन की ओर से इन कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए मुख्य फोकस जुलाई से दिसंबर तक रहेगा।


बदलते रोजगार बाजार के अनुरूप मिलेगा मार्गदर्शन

सेवायोजन विभाग के अनुसार काउंसिलिंग सत्रों में विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों, रुचि और क्षमता का आकलन करते हुए उन्हें उपयुक्त करियर विकल्प सुझाए जाएंगे। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नई तकनीकों, डिजिटल स्किल्स और बदलते रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप आवश्यक कौशल की जानकारी भी दी जाएगी। विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से संवाद का अवसर मिलेगा, जिससे वे संबंधित क्षेत्र की चुनौतियों, संभावनाओं और भविष्य की मांग को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।


स्वरोजगार और प्रशिक्षण पर भी रहेगा विशेष फोकस

काउंसिलिंग कार्यक्रमों में केवल सरकारी और निजी नौकरियों की जानकारी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि युवाओं को प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। उन्हें विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों, स्वरोजगार योजनाओं और सरकारी सहायता कार्यक्रमों की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मार्गदर्शन दिया जाएगा। योगी सरकार की यह पहल प्रदेश के युवाओं को रोजगार योग्य बनाने, करियर संबंधी भ्रम दूर करने और उन्हें समय रहते सही दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे विशेष रूप से इंटर और स्नातक स्तर के हजारों विद्यार्थियों को अपने भविष्य की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here