नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह परिसर में जनकल्याणकारी शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी व जिला सूचना अधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद, मा. राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व अन्य जनप्रतिनिधियों का बुके देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. सोमेन्द्र तोमर, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, सीडीओ नूपुर गोयल ने फीता खोलकर जनकल्याणकारी शिविर और विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। जनप्रतिनिधियो द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों एवं विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण, युवा कल्याण, किसान हितैषी योजनाओं तथा विकसित भारत-2047 की संकल्पना को प्रदर्शित किया गया।
राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता तथा जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। सांसद ने आरआरटीएस, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे सहित विभिन्न परियोजनाओं एवं विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज मेरठ विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है और यह रफ्तार निरंतर बढती रहेगी।
20 जून 2026 तक लगने वाली विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उन्होने कहा कि आमजन अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर विकास प्रदर्शनी एवं लगाए गए स्टॉलों से केन्द्र व प्रदेश सरकार की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओ, कार्यक्रमो की जानकारी प्राप्त कर लाभ उठाये। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। जनसामान्य को विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध उपलब्ध कराते हुए लाभान्वित किया गया।

No comments:
Post a Comment