वसीम मलिक
नित्य संदेश, रोहटा : मेरठ बड़ौत मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार देर शाम रोहटा थाना पुलिस एक्शन मोड में नजर आई।
थाना प्रभारी पूजा पंवार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने रोहटा व पूठखास बाजार में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया। अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को सड़कों पर देख बाजार में खलबली मच गई और अवैध रूप से सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस टीम ने मुख्य बाजार, बस स्टैंड, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च करते हुए सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को तुरंत हटवाया। कई वाहन चालकों को मौके पर ही फटकार लगाते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
थानाध्यक्ष पूजा पंवार ने कहा कि सड़क पर अवैध पार्किंग और जाम की स्थिति से आम लोगों को भारी परेशानी होती है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि चेतावनी के बाद भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की और बाजार में मौजूद लोगों से सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। पुलिस की सक्रियता देखकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की। कई लोगों ने कहा कि नियमित गश्त से असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगेगा और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
देर शाम तक चले इस अभियान के चलते बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर दिखाई दी। इस दौरान पूठखास चौकी प्रभारी हरि मोहन गौतम, रोहटा चौकी प्रभारी गौरव तिवारी समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment