नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के केरल वर्मा सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस में आयोजित एलुमनी मीट (पूर्व छात्र मिलन समारोह) उत्साह, आत्मीयता और गौरवपूर्ण क्षणों के बीच संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन ने पूर्व छात्रों, संकाय सदस्यों और वर्तमान विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान किया, जहां वर्षों पुरानी यादें फिर से ताजा हो उठीं और अनुभवों का समृद्ध आदान-प्रदान हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता (डीन) प्रो. (डॉ.) आर.के. जैन ने वरिष्ठ पूर्व छात्रों के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “पूर्व छात्र किसी भी संस्थान की वास्तविक पूंजी होते हैं। उनकी उपलब्धियां ही विश्वविद्यालय की पहचान और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती हैं।”
समारोह में 80 से अधिक पूर्व छात्रों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे इन पूर्व छात्रों ने अपनी जीवन यात्रा, संघर्ष और सफलताओं के अनुभव साझा करते हुए वर्तमान छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया। इससे न केवल विद्यार्थियों को दिशा मिली, बल्कि संस्थान के साथ उनका जुड़ाव भी और अधिक सुदृढ़ हुआ। कार्यक्रम के दौरान आयोजित इंटरैक्टिव सत्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जहां पूर्व छात्रों ने अपने कॉलेज के दिनों की रोचक यादें साझा की और साथ ही वर्तमान विद्यार्थियों को करियर संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। यह संवाद विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने शुभकामना संदेश में कहा की “एलुमनी मीट केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि संस्थान और विद्यार्थियों के बीच अटूट संबंधों का उत्सव है। हमारे पूर्व छात्र हमारी पहचान और हमारी ताकत हैं। यह देखकर अत्यंत गर्व होता है कि वे अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए अपने अनुभवों से नई पीढ़ी का मार्गदर्शन कर रहे हैं। मैं सभी पूर्व छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।”
कार्यक्रम का समापन डॉ. अमित कुमार द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, पूर्व छात्रों और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन संस्थान को निरंतर प्रगति की दिशा में प्रेरित करते हैं। यह एलुमनी मीट न केवल यादों को ताजा करने का माध्यम बना, बल्कि संस्थान, पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच मजबूत संबंधों की नई मिसाल भी स्थापित कर गया।

.jpeg)
No comments:
Post a Comment