Breaking

Your Ads Here

Monday, May 18, 2026

टैंकर ने बाइक को मारी टक्कर, तीन की मौत: ड्राइवर को झपकी आई और बाइक पर चढ़ गया टैंकर, मासूमों ने मौके पर दम तोड़ा

 

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। धार रोड स्थित हाईलिंक कॉलोनी के सामने सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक मां और उसके दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार के छह लोग (तीन वयस्क-तीन बच्चे) एक ही बाइक पर सवार होकर पगड़ी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी।


हादसा इतना भयावह था कि दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही चंदन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। दोनों बच्चों के शव जिला अस्पताल भेजे गए, जबकि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया।


बेसन कांटा फोड़ जा रहे थे

मृतकों के परिजन लखन देवड़ा ने बताया कि उनका बड़ा बेटा अशोक देवड़ा (30), बहू अनिता देवड़ा (28), उनके बच्चे वैष्णवी उर्फ वेशू (4), रोहन (2), संतोषी (1) और भांजा राजेश बाइक पर सवार होकर औरंगपुरी से देवास जिले के बबलू ग्राम बेसन कांटा फोड़ जा रहे थे। परिवार मूल रूप से देवास जिले के उदयनगर का रहने वाला है। अनिता के भाई के निधन के बाद आयोजित पगड़ी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी निकले थे। अशोक देवड़ा ए-1 प्लस डोर प्लाई डोर कंपनी मुरादपुर औरंगपुरी में काम करता है और परिवार के साथ वहीं रहता है।


रास्ते में पीछे से आए टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रोहन और संतोषी की मौके पर मौत हो गई, जबकि अनिता ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले के अनुसार हादसे में अशोक देवड़ा, राजेश भूसारिया और वैष्णवी उर्फ वेशू घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

टैंकर चालक को किया गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने टैंकर जब्त कर चालक अमित वैष्णव (30) निवासी जालौर राजस्थान को हिरासत में ले लिया। जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई। पूछताछ में चालक ने बताया कि वाहन चलाते समय उसे नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण टैंकर अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गया। भाई की पगड़ी के कार्यक्रम में जा रहे थे।


लखन देवड़ा ने बताया कि बहू के भाई की पगड़ी के कार्यक्रम में जाने के लिए निकले थे। मगर कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ हो जाएगा। घटना के बाद परिवार में गम का माहौल है। चर्चा करते हुए लखन देवड़ा भी भावुक हो गए। दोनों मासूम बच्चों को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा. जबकि मां का शव पीएम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया। जहां उनका पीएम किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here