नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। पानी का संकट लगातार गहराता जा रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को रोजमर्रा के उपयोग के साथ पीने के पानी तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। शहर में कई बार पानी की मांग को लेकर चक्काजाम और प्रदर्शन हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि जनता पानी के लिए परेशान है, लेकिन जिम्मेदारों की नींद नहीं खुल रही।
शहर के कई वार्डों की कॉलोनियां और मोहल्ले इन दिनों गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं। स्थिति यह है कि टैंकर आते ही लोग पानी भरने के लिए टूट पड़ते हैं। नगर निगम ट्रैक्टर-टैंकरों के जरिए पानी सप्लाई तो कर रहा है, लेकिन यह जरूरत के मुकाबले नाकाफी साबित हो रहा है।
पिछले दिनों कांग्रेस ने भी पानी की समस्या को लेकर शहर के सभी 22 जोनल कार्यालयों पर प्रदर्शन किया था। इसके अलावा कई इलाकों में लोग सड़क पर उतरकर चक्काजाम और धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। शनिवार को भी बड़ी संख्या में लोग “पानी दो... पानी दो..." के नारे लगाते हुए पैदल विधायक रमेश मेंदोला के घर तक पहुंच गए।
आज फिर पानी को लेकर चक्काजाम
वार्ड-75 के पार्षद कुणाल सोलंकी ने बताया कि वार्ड की कई कॉलोनियों और मोहल्लों में लगातार पानी की किल्लत बनी हुई है। नगर निगम से पर्याप्त टैंकर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे लोगों तक नियमित पानी पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। कई क्षेत्रों में अब तक नर्मदा लाइन भी नहीं पहुंची है। फिलहाल जैसे-तैसे टैंकरों के माध्यम से पानी सप्लाई किया जा रहा है।
इन्हीं समस्याओं को लेकर रविवार सुबह पालदा चौराहे पर लोगों के साथ मिलकर चक्काजाम किया। प्रदर्शन के जरिए जिम्मेदारों से पर्याप्त पानी, टैंकर और नर्मदा लाइन की मांग की जाएगी।
वार्ड के लोगों का कहना है कि पानी की किल्लत के कारण उन्हें या तो महंगा पानी खरीदना पड़ रहा है या फिर दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में महापौर की फोटो भी रखी
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव की फोटो भी रखी और प्रतीकात्मक रूप से उनसे पानी की मांग की गई। वहीं पार्षद कुणाल सोलंकी दंडवत प्रणाम कर महापौर से वार्ड में पानी, टैंकर और नर्मदा लाइन उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के शामिल हुए।



No comments:
Post a Comment