अर्जुन देशवाल
नित्य संदेश, बहसूमा। थाना बहसूमा क्षेत्र गांव महमूदपुर सिखेड़ा में 9 बीघा जमीन के लालच में बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करते हुए शव बरामद कर लिया था।
बता दें कि ग्राम महमूदपुर सिखेड़ा के रहने वाले कपिल पुत्र बाबूराम ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने ही 5 मई को अपने छोटे भाई अंकुल उर्फ अंकुर (32) वर्ष को जमीन के लिए गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने आरोपी कपिल की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हुई आरोपी की पैशन प्रो बाइक, 315 बोर का तमंचा, एक खाली खोखा वह फावड़ा भी बरामद कर लिया है जो उसने हत्या में प्रयोग किया था।
थाना प्रभारी रविंद्र पंवार का कहना है कि आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने पूरी प्लानिंग से 5 मई की शाम को अपने छोटे भाई अंकुल उर्फ अंकुर की हत्या की थी। पूरी प्लानिंग के साथ वह पहले सेंचुरी क्षेत्र में पहुंचा और वहां पर उसने अपने छोटे भाई अंकुर के सिर में पीछे से गोली मार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने फावड़ा से गड्ढा खोदकर अपने भाई को जमीन के नीचे दफन कर दिया तथा अपनी पैशन प्रो बाइक लेकर वापस घर लौट आया। जब उसकी मौसी जयवीरी ने उससे पूछा कि अंकुर घर वापस क्यों नहीं आया तो उसने बता दिया कि वह उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराकर आया है। हालांकि मौसी द्वारा थाना पर तहरीर देने पर पुलिस ने उसे उठा लिया तथा सख्ती करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी कपिल ने बताया कि उसने अपने भाई अंकुल उर्फ अंकुर की जमीन हड़पने के लिए उसकी हत्या की थी। थाना प्रभारी रविंद्र पंवार ने बताया कि आरोपी को अपनी गलती का कोई पछतावा नहीं है पुलिस ने आरोपी कपिल को अपने छोटे भाई अंकुल उर्फ अंकुर की हत्या करने के आरोप संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। घटना के खुलासे में थाना बहसूमा पुलिस टीम की अहम भूमिका रहीं।
गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी रविंद्र कुमार पंवार, उपनिरीक्षक राकेश कुमार, उपनिरीक्षक उदयपाल सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार, उपनिरीक्षक संदीप राजपूत, हेड कांस्टेबल अंकुर पंवार, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार थाना बहसूमा मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment