नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठः स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के गणेश शंकर विद्यार्थी सुभारती पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने आजाद हिन्द रेडियो 90.0 एफएम के साथ संयुक्त तत्त्वावधान में जलवायु परिवर्तन पर सरिता पब्लिक स्कूल, पुठ्ठा, मेरठ में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम जलवायु परिवर्तन एवं सामुदायिक रेडियो के माध्यम से सहभागिता गतिविधियों का हिस्सा है। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.(डॉ.) ऋतेष चौधरी के निर्देशन में यह कार्यक्रम कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में अपने संबोधन में बोलते हुए कार्यक्रम समन्वयक एवं मुख्य वक्ता डा. संतोष कुमार गौतम ने जलवायु परिवर्तन प्रोजक्ट के विषय में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य जलवायु परविर्तन तथा उससे होने वाले प्रभावों के बारे में लोगो जागरूक करना है। डॉ. गौतम ने बताया कि रेडियो जलवायु परिवर्तन तथा उसके दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय तथा आजाद हिन्द रेडियो ने पर्यावरण को बचाने का एक सामुहिक प्रयास शुरु किया है। इसे सफल बनाने के लिए समुदाय की भागीदारी अतिआवश्यक है। डॉ. गौतम ने कहा कि यदि हम अपनी भावी पीढियों को सुरक्षित रकना चाहते हैं तो हमें अपने आज के जलवायु को सुरक्षित और संतुलित रखना होगा।
वहीं सरिता पब्लिक स्कूल के प्रबंधक एडवोकेट सर्वेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण को बचाना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए हमें व्यक्तिगत स्तर पर भी प्रयास करने होंगे। दूसरी ओर विद्यालय की प्रिंसीपल ममता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हमें संसाधनों का सही उपयोग करना चाहिए और अनावश्यक रुप से ऊर्जा की खपत नहीं करनी चाहिए। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों जैसे सौर ऊर्जा, पवन चक्की, पनबिजली परियोजना आदि के अधिकतम प्रयोग पर जोर दिया। ममता सिंह ने आग कहा कि यदि हम बिजली, जल, तथा परिवहन के साधनों का सही उपयोग करें तो यह जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने में सहायक होगा।
इस जागरुकता कार्यक्रम में अंत में आभार इस परियोजना के सह समन्वयक डॉ. आशुतोष वर्मा ने व्यक्त किया। दूसरी ओर कार्यक्रम का संचालन सुभारती पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक आचार्य राम प्रकाश तिवारी ने किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो.(डॉ.) शल्या राज तथा कुलपति प्रो.(डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के आयोजन में सहायक प्राध्यापक तरूण जैन तथा छात्र तुषार कुमार शिक्षणेत्तर कर्मी हर्षित, संजय पाल, कपिल गिल, कुलदीप आदि का सहयोग रहा। वहीं इस अवसर पर सरिता पब्लिक स्कूल के अध्यापक विनित बसुटा, आंचल, ज्योति, पूनम, पूजा वर्मा, पारुल चौधरी, शुभांगी, ललित आदि विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment