नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आर एम इंटरनेशनल स्कूल महादो में आज मदर्स डे के अवसर पर एक भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों एवं मातृत्व सम्मान की भावना से सराबोर दिखाई दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नाटक, भाषण, गीत एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से माँ के त्याग, प्रेम, संघर्ष एवं समर्पण को अत्यंत भावुक ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत “माँ” विषयक नाटकों एवं गीतों ने उपस्थित अभिभावकों को भावुक कर दिया तथा पूरा वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण माताओं द्वारा प्रस्तुत रैंप वॉक रही। सभी माताओं ने पूरे आत्मविश्वास, उत्साह एवं गरिमा के साथ रैंप वॉक कर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। बच्चों एवं अभिभावकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इस प्रस्तुति ने माँ-बच्चों के स्नेह एवं आत्मीय संबंधों को और भी सुंदर रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका चेयरपर्सन सबीला अंसारी रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि माँ का स्थान संसार में सर्वोच्च होता है तथा बच्चों के संस्कार और भविष्य निर्माण में माताओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में संस्कार, आत्मविश्वास एवं पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर उनके पुत्र शाहवेज़ अंसारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने भावुक संबोधन में कहा कि “माँ केवल एक शब्द नहीं, बल्कि पूरी दुनिया होती हैं। माँ अपने बच्चों की हर खुशी के लिए स्वयं तकलीफें सहकर भी हमेशा मुस्कुराती रहती हैं। एक बच्चे की पहली शिक्षक, पहली दोस्त और सबसे बड़ी ताकत उसकी माँ ही होती है। हम चाहे जीवन में कितने भी बड़े क्यों न हो जाएं, माँ का आशीर्वाद और दुआएं ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी होती हैं।” उन्होंने आगे कहा कि आज बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने सभी को अपनी माँ के प्रेम और त्याग की याद दिला दी। माताओं द्वारा की गई रैंप वॉक ने यह साबित किया कि हर माँ अपने परिवार की असली प्रेरणा और शक्ति होती है। उन्होंने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में माँ के सम्मान, पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
विद्यालय की प्रिंसिपल रुपाली वशिष्ट ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि विद्यालय सदैव शिक्षा के साथ-साथ नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रबंधक विवेक वशिष्ठ, गौरव सर, वैशाली मेम सहित समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे और सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मदर्स डे के इस विशेष आयोजन ने सभी को माँ के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता का संदेश दिया तथा विद्यालय परिवार के लिए यह कार्यक्रम यादगार बन गया।

No comments:
Post a Comment