Breaking

Your Ads Here

Saturday, May 30, 2026

कुलपति ने मूल्यांकन भवन का औचक एवं विस्तृत निरीक्षण किया

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ की सेमेस्टर एवं वार्षिक परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य इन दिनों विश्वविद्यालय के मूल्यांकन भवन में तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है। मूल्यांकन कार्य की प्रगति  के अवलोकन हेतु विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने शनिवार को मूल्यांकन भवन का औचक एवं विस्तृत निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान कुलपति के साथ विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार, परीक्षानियंत्रक तथा संबंधित अधिकारियों की टीम भी उपस्थित रही। कुलपति ने मूल्यांकन भवन के प्रत्येक तल पर जाकर मूल्यांकन कार्य का बारीकी से अवलोकन किया तथा उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में संलग्न शिक्षकों एवं कंट्रोलर्स से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। कुलपति ने मूल्यांकन समन्वयकों को निर्धारित समयसीमा के भीतर मूल्यांकन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हित विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं तथा समयबद्ध परिणाम घोषित करना विश्वविद्यालय प्रशासन की प्रतिबद्धता है। प्रो. शुक्ला ने कहा कि समय पर परिणाम जारी होने से विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन तथा रोजगार संबंधी अवसरों का लाभ लेने में सुविधा होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिणामों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।


निरीक्षण के दौरान मूल्यांकन कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कुलपति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर मूल्यांकन कार्य की अवधि को प्रतिदिन सुबह एवं शाम के समय बढ़ाकर कार्य में और तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन निरंतर मूल्यांकन प्रक्रिया की निगरानी कर रहा है ताकि संपूर्ण प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से संपन्न हो सके।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here