Breaking

Your Ads Here

Monday, May 18, 2026

खातीपुरा, ​इन्दौर में पानी के संकट से गुस्साए लोगों का फूटा सब्र, महिलाओं ने किया चक्काजाम

फोटोग्राफर - नवीन मौर्य 

सपना सी.पी. साहू 

​नित्य संदेशइन्दौर भीषण गर्मी के बीच शहर में पानी की किल्लत को लेकर जनता का गुस्सा अब सड़कों पर उतरने लगा है। खातीपुरा मेन रोड पर पेयजल संकट से परेशान महिलाओं और स्थानीय रहवासियों ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चक्काजाम कर दिया। तपती धूप में सड़क पर बैठी महिलाओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्षेत्र की वीणा नगर जल प्रदाय टंकी पिछले चार दिनों से अपनी क्षमता के मुताबिक नहीं भरी जा रही है। जहां इस टंकी को रोजाना कम से कम 5 से 6 मीटर तक भरा जाना चाहिए, वहीं पिछले चार दिनों से इसमें मात्र 2 से 3 मीटर पानी ही सप्लाई किया जा रहा है। टैंक आधा खाली रहने के कारण खातीपुरा और आस-पास के इलाकों में पानी का प्रेशर बेहद कम हो गया है और कई घरों तक पानी पहुंच ही नहीं पा रहा है।

पानी न मिलने से नाराज बड़ी संख्या में महिलाएं दोपहर की चिलचिलाती धूप में खातीपुरा मेन रोड पर एकत्र हुईं और रास्ता जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि:-

​"एक तरफ पारा लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम की लापरवाही के कारण हमें बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत के बाद भी जल प्रदाय व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया।"

व्यस्ततम खातीपुरा मेन रोड पर चक्काजाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा जल्द से जल्द पानी की सप्लाई सामान्य कराने और टंकी को पूरा भरवाने के आश्वासन के बाद महिलाओं ने जाम समाप्त किया।


​रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटे में जल संकट का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here