नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में मेरठ से गाजियाबाद तक निकली “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा के दूसरे दिन रविवार को मेरठ की जनता का ऐतिहासिक और अभूतपूर्व समर्थन देखने को मिला। शहर से गांव तक सड़कों पर उमड़े जनसैलाब ने यह साफ कर दिया कि प्रदेश की जनता अब बेरोजगारी, सामाजिक अन्याय, पेपर लीक, आरक्षण पर हमले और गरीबों पर बुलडोजर की राजनीति के खिलाफ खुलकर आवाज उठा रही है। जगह-जगह कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से सांसद संजय सिंह का भव्य स्वागत किया। पदयात्रा में आशा बहुएं, शिक्षामित्र, रोजगार सेवक, बेरोजगार युवा, दलित, पिछड़े और वंचित समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
इस अवसर पर सांसद संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी अपनी आठ चरणों की पदयात्राओं में चार चरण पूरे कर चुकी है और मेरठ की क्रांतिकारी धरती से शुरू हुआ पांचवें चरण का यह संघर्ष 16 मई से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक चलेगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं के रोजगार, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। सरकारी नौकरियां खत्म की जा रही हैं, भर्ती परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं और लाखों युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि हमारा संघर्ष उन गरीब रेहड़ी-पटरी वालों के लिए है जिन पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। हमारा संघर्ष उन दलितों, पिछड़ों, अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों के लिए है जिनके अधिकारों और आरक्षण पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में जाति और धर्म के नाम पर भेदभाव किया जा रहा है। पासी समाज के बुजुर्ग तक को अपमानित किया जाता है और सत्ता में बैठे लोग चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान के मुताबिक देश और प्रदेश की व्यवस्था चलाने, युवाओं को रोजगार और हर वर्ग को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए जनता को इस आंदोलन से जुड़ना होगा।
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि “रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा में युवाओं, आशा बहुओं, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों, संविदाकर्मियों और वंचित समाज के लोगों की भारी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार मांग रहा है, आशा बहुएं और शिक्षामित्र अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, रोजगार सेवक भविष्य को लेकर असुरक्षा में जी रहे हैं और दलित-पिछड़े समाज के लोग लगातार भेदभाव और अन्याय का सामना कर रहे हैं। संजय सिंह ने कहा कि यह पदयात्रा इन्हीं दबे-कुचले, शोषित और उपेक्षित लोगों की आवाज बनकर निकली है और जब तक युवाओं को रोजगार, कर्मचारियों को सम्मान और हर वर्ग को सामाजिक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आम आदमी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं और लगातार बढ़ती महंगाई पर हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता महंगे पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और बेरोजगारी से परेशान है, लेकिन प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है और दूसरी तरफ लोगों को डीजल-पेट्रोल कम खर्च करने की नसीहत दी जा रही है। संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल और गैस के बढ़ते दामों ने किसानों, मजदूरों, मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है, लेकिन सरकार जनता को राहत देने के बजाय प्रचार और विदेश दौरों में लगी हुई है।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि रोजगार और सामाजिक न्याय की इस लड़ाई में बड़ी संख्या में लोग जुड़ें और मिस्ड कॉल नंबर 7500040004 पर कॉल कर इस जन आंदोलन का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा प्रदेश के युवाओं, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और वंचित समाज की आवाज बन चुकी है और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का माध्यम बनेगी।
आम आदमी पार्टी के यूपी सह प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के दलदल में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि लाखों पढ़े-लिखे युवा रोजगार की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन सरकार सिर्फ झूठे प्रचार और नफरत की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और संविधान बचाने की यह लड़ाई अब गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचेगी और आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका ने कहा कि मेरठ से गाजियाबाद तक निकल रही “रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा ने पश्चिम उत्तर प्रदेश में बदलाव और जनसंघर्ष की नई ऊर्जा पैदा की है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक अन्याय और युवाओं के भविष्य के सवालों पर जनता अब खुलकर सड़क पर उतर रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मेरठ की जनता ने इस पदयात्रा को समर्थन दिया है, वह इस बात का संकेत है कि प्रदेश की जनता अब मुद्दों की राजनीति चाहती है और रोजगार व सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूत करेगी।
मेरठ जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि मेरठ की जनता ने पदयात्रा के दूसरे दिन जिस तरह का ऐतिहासिक समर्थन दिया है, उसने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक अन्याय और भ्रष्टाचार से परेशान जनता अब भाजपा सरकार से जवाब मांग रही है। मेरठ की धरती से उठी यह आवाज अब पूरे उत्तर प्रदेश में बदलाव का बिगुल बनेगी और आम आदमी पार्टी जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।
इस दौरान आम आदमी पार्टी दिल्ली के विधायक एवं यूपी सह प्रभारी सुरेंद्र चौधरी, पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, पश्चिम प्रांत महासचिव मनीष सिंह, महिला अध्यक्ष नीलम यादव, यूथ अध्यक्ष पंकज अवाना, मुजफ्फर नगर जिलाध्यक्ष अरविंद बाल्यान, निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, जिलाध्यक्ष अकुंश चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे, जनक प्रसाद, प्रांत उपाध्यक्ष दिशा चैम्बर, दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सलीम मंसूरी, कैंट विधानसभा अध्यक्ष भरत लाल यादव, सिवाल खास विधानसभा अध्यक्ष इंतजार अली, सरधना विधानसभा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, जिला महासचिव जीएस राजवंशी, किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष फुरकान त्यागी, एससी/एसटी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सचिन वाल्मीकि, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष नीलम शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, जिला उपाध्यक्ष हबीब अंसारी, जिला उपाध्यक्ष सरदार जसवीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष अकरम कुरैशी, माइनॉरिटी विंग के प्रदेश महासचिव गुरविंदर सिंह, जिला सचिव फलक चौहान, जिला सचिव कुलविंदर कंडारी, जिला सचिव आनंद दुआ, जिला सचिव यासीन मलिक, जिला सचिव तरीकत पवार, जिला सचिव आरिफ, जिला सचिव विकास रस्तोगी, जिला सचिव फिरोज अल्वी, संजय जोशी, अमन कुरेशी, मोहम्मद यूनुस, मोहम्मद अशफाक, गुलफाम, सचिन, सरफराज, फिरोज, अनस, शादाब, शहजाद, सलमान, दानिश सहित तमाम नेता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment