Breaking

Your Ads Here

Wednesday, May 20, 2026

दीवान पब्लिक स्कूल, मेरठ में “Achievers’ Felicitation Ceremony” का भव्य आयोजन



CBSE कक्षा XII बोर्ड परीक्षा 2026 में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। दिवान पब्लिक स्कूल, मेरठ में आज CBSE कक्षा XII बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में “Achievers’ Felicitation Ceremony” का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में 90% एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 56 विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय जिलाधिकारी मेरठ डॉ. वी. के. सिंह (IAS) रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा कमाण्डेंट एम एच एवं श्रीमती लिपिका पात्रा उपस्थित रहे। समारोह में विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। विद्यालय ने इस वर्ष अपने उत्कृष्ट परिणामों से एक बार पुनः अपनी गौरवशाली शैक्षिक परंपरा को सिद्ध किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने कुल 1511 डिस्टिंक्शन प्राप्त कीं तथा 57 शत-प्रतिशत अंक अर्जित किए। विशेष बात यह रही कि विद्यालय का औसत परिणाम 82% रहा तथा 100% विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की। अपने संबोधन में जिलाधिकारी डॉ. वी. के. सिंह ने कहा कि मेरठ के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि दीवान पब्लिक स्कूल समाज को निरंतर श्रेष्ठ प्रतिभाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता की यह यात्रा अभी प्रारंभ हुई है और भविष्य में यही विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



विशिष्ट अतिथि ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए जीवन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अनुशासन ही किसी भी सफलता की वास्तविक कुंजी है। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को शानदार सफलता के लिए बधाई दी। विद्यालय के निदेशक एच. एम. राउत ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति अपना स्नेह एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं। प्रधानाचार्य वी. के. मिश्रा ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की संयुक्त मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय की वास्तविक पहचान उसके शैक्षिक औसत से होती है तथा इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर परिणामों में गिरावट के बावजूद विद्यालय का 82% औसत बनाए रखना विद्यार्थियों की उत्कृष्ट तैयारी एवं विद्यालय के उच्च शैक्षिक स्तर को दर्शाता है।



कार्यक्रम में मिडिल स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा काश्वी द्वारा प्रस्तुत एकल कथक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। जिलाधिकारी महोदय ने विशेष रूप से उसकी प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे बच्चों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिलने चाहिए तथा दीवान पब्लिक स्कूल इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। कार्यक्रम का संचालन गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। वरिष्ठ वर्ग की कोऑर्डिनेटर श्रीमती रोमा रंजन ने अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन, स्वागत यहाँ तक कि फोटोग्राफी तक बच्चों द्वारा की गई जो कि बहुत ही सराहनीय है। 


समारोह के दौरान मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, निदेशक, प्रधानाचार्य एवं कोऑर्डिनेटर द्वारा सभी उच्च उपलब्धि प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह को विशेष कवरेज के लिये सभी प्रमुख मीडिया समूह के छायाकार एवं रिपोर्टर उपस्थित रहे जिनका हृदय से धन्यवाद । 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here