नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। 9 म प्र बटालियन एनसीसी द्वारा संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 16 मई से 25 मई तक श्री गुजराती समाज स्कूल 54 नंबर स्कीम परिसर में किया गया। दस दिवसीय इस शिविर में इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों, धार, अंजड़, बड़वानी एवं खरगोन से आए 400 से अधिक सीनियर एवं जूनियर डिवीजन के कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का उद्देश्य कैडेटों में सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करना रहा। शिविर के दौरान कैडेटों को ड्रिल, मैप रीडिंग, वेपन ट्रेनिंग, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट, कम्युनिकेशन तथा मिलिट्री हिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण सैन्य विषयों का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके साथ ही नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क, राष्ट्रीय एकता, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जैसे विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान आयोजित किए गए, जिनमें नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कैडेटों का मार्गदर्शन किया गया। कैडेटों को आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सहायता एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई।
शिविर की प्रमुख गतिविधियों में इंटर बटालियन फायरिंग प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 32 कैडेटों का चयन किया गया। चयनित कैडेटों में से 20 श्रेष्ठ कैडेटों का चयन अगले कैम्प में इंटर ग्रुप फायरिंग प्रतियोगिता हेतु किया जाएगा। वहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को इंटर डायरेक्टरेट फायरिंग प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए त्रिची, तमिलनाडु भेजा जाएगा।
शिविर में केवल सैन्य प्रशिक्षण ही नहीं बल्कि खेल एवं साहसिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। गार्ड माउंटिंग, रिले रेस, रस्सा खेंच प्रतियोगिता तथा वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं ने कैडेटों में टीम भावना, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को और मजबूत किया।
इस प्रशिक्षण शिविर की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि शिविर में शामिल सभी कैडेटों को फायरिंग का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ, जिससे उनमें आत्मविश्वास एवं सैन्य कौशल का विकास हुआ।
शिविर के समापन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कैडेटों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता कैडेटों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर के सफल आयोजन हेतु बटालियन के कमान अधिकारी एवं शिविर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मोहन कुमार तिवारी ने इंदौर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि महापौर के सहयोग से वार्ड क्रमांक 31 के पार्षद श्री बालमुकुंद सोनी द्वारा शिविर के लिए पर्याप्त जल आपूर्ति एवं समय-समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे शिविर संचालन सुचारु रूप से संभव हो सका।
इसके अतिरिक्त उन्होंने श्री गुजराती समाज के श्री पंकज संघवी का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने लगातार दो कैम्प के आयोजन हेतु स्थान एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग एवं समर्पण से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और कैडेटों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्राप्त हुआ।
यह शिविर युवा कैडेटों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ और एनसीसी के उद्देश्य "एकता और अनुशासन" को सार्थक रूप से चरितार्थ किया।




No comments:
Post a Comment